सुपौल में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या,5 हजार रुपये के विवाद को लेकर वारदात की आशंका!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान

सुपौल :- जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई जब युवक स्थानीय दुकान पर बैठकर भूजा-पकौड़ी का नाश्ता कर रहा था। बाइक से पहुंचे हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। मृतक की पहचान बनेलीपट्टी पंचायत निवासी गोपाल मंडल के 32 वर्षीय पुत्र मिथिलेश कुमार मंडल के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार और वीरपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मिथिलेश मंडल पेशे से राजमिस्त्री था और अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी करीब आठ वर्ष पहले हुई थी और वह दो छोटे बच्चों का पिता था।स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि करीब पांच हजार रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। ग्रामीणों का दावा है कि इसी रंजिश में हमलावरों ने पहले युवक की गतिविधियों पर नजर रखी और फिर मौका मिलते ही गोलीबारी कर दी। हालांकि पुलिस ने अभी इस वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर इंडो-नेपाल सीमा मार्ग की दिशा से बाइक पर आए थे। उन्होंने कई राउंड फायरिंग की, जिसमें गोली मिथिलेश के सिर और पेट में लगी। गंभीर रूप से घायल युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि हमलावर वारदात के बाद तेजी से फरार हो गए।

मृतक के भाई राज कुमार मंडल ने गांव के ही अर्जुन मंडल पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। सुपौल के पुलिस अधीक्षक शरथ आर. एस. ने बताया कि संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है तथा जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

Join us on: