रिपोर्ट -आशुतोष पाण्डेय
आरा। नेपाल स्थित प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे भोजपुर जिले के हसनपुरा पंचायत के पूर्व मुखिया उपेंद्र सिंह एवं उनके परिजन सड़क हादसे का शिकार हो गए। यह दुर्घटना छपरा जिले के डोरीगंज के समीप उस समय हुई, जब उनकी स्कॉर्पियो वाहन को विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन की हालत देखकर किसी के बचने की उम्मीद कम थी, लेकिन ईश्वर की कृपा से सभी यात्रियों की जान बच गई।
हादसे में पूर्व मुखिया उपेंद्र सिंह, उनकी पत्नी सीमा सिंह, पुत्र कर्ण सिंह, शंभू सिंह, उनकी पत्नी रिंकू सिंह, तथा दो बच्चे गौरव सिंह और शौरभ सिंह घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल घटनास्थल से आरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
परिजनों के अनुसार अधिकांश लोगों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि स्कॉर्पियो चला रहे कर्ण सिंह को गंभीर चोट लगी है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण आमने-सामने की यह टक्कर बेहद भयावह साबित हुई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
कैप्शन: डोरीगंज के समीप ट्रक की टक्कर से क्षतिग्रस्त हुई स्कॉर्पियो। वाहन की स्थिति हादसे की भयावहता को बयां कर रही है।




