सुपौल- दिनदहाड़े गोली मारकर युवक की हत्या से लोगों में उबाल, जाँच में जुटी पुलिस!

SHARE:

रिपोर्ट – संतोष चौहान!

सुपौल जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत वार्ड संख्या 5 में रविवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बाइक सवार अपराधियों ने एक नाश्ते की दुकान पर बैठे युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान बनेलीपट्टी पंचायत के मुंशी पिपराही वार्ड संख्या 3 निवासी गोपाल मंडल के 32 वर्षीय पुत्र मिथिलेश कुमार मंडल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 1:15 बजे मिथिलेश नगर पंचायत वार्ड 5 स्थित एक चाय-नाश्ते की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर पहुंचे अपराधियों ने उसे निशाना बनाते हुए लगातार गोलियां चला दीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अपराधी इंडो-नेपाल बॉर्डर मार्ग की ओर से आए थे। उन्होंने मिथिलेश पर करीब पांच राउंड फायरिंग की। गोली उसके माथे और पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। स्थानीय लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर बाइक से वीरपुर की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार और वीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल वीरपुर भेज दिया। वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर एसपी सरथ आर एस भी अस्पताल पहुंचे और मामले की समीक्षा की।
मृतक के भाई राज कुमार मंडल ने गांव के ही अर्जुन मंडल पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। एसपी सरथ आर एस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद गोली लगने की संख्या और अन्य तथ्यों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।

बाइट– शरथ आर.एस, SP सुपौल

Join us on: