:- रवि शंकर अमित/गोविंद कुमार!
– पटना जिला बाढ़ थाना के उमानाथ बिंद टोली में एक बार फिर दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां गंगा नदी में डूबने से 40 वर्षीय विजय महतो की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विजय महतो हर रोज की तरह गंगा पार दियारा में अपने खेतों में काम करने के लिए नाव से गए थे। दोपहर करीब 2 बजे काम के बाद जब वह नदी में स्नान करने लगे, तभी गहराई का अंदाजा न मिलने के कारण वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए। स्थानीय लोगों और गोताखोर की मदद से काफी खोजबीन करने के बाद उन्हें नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
यह घटना इसलिए भी बेहद परेशान करने वाली है क्योंकि कुछ ही दिन पहले इसी उमानाथ बिंद टोली गांव के सात लोगों की गंगा नदी में डूबने से एक साथ मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद से ही स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। प्रशासन द्वारा लगातार लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है, खतरनाक और प्रतिबंधित घाटों पर स्नान न करने की सख्त चेतावनी दी जा रही है, और कई संवेदनशील घाटों को पूरी तरह प्रतिबंधित भी कर दिया गया है।
हाल ही में बाढ़ के एसडीपीओ ने भी आम जनता से भावुक अपील करते हुए नदी में अनावश्यक जोखिम न उठाने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की बात कही थी। इसके बावजूद लोग अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं, जिसके कारण डूबने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 13 दिनों के भीतर गंगा नदी में डूबने से अब तक 9 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। लगातार हो रही इन दर्दनाक हादसों ने प्रशासनिक महकमे की चिंता बढ़ा दी है, वहीं पूरे इलाके में खौफ, लाचारी और गहरे शोक का माहौल है।
बाइट- स्थानीय




