आधुनिक सुविधाओं से लैस आरा जिला निबंधन कार्यालय का मंत्री मदन सहनी ने किया उद्घाटन!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय

स्लग/ 82.93 लाख की लागत से बने आधुनिक आरा निबंधन कार्यालय का उद्घाटन मदन सहनी ने किया

भोजपुर जिला मुख्यालय स्थित नवनिर्मित एवं अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित जिला निबंधन कार्यालय का शनिवार को बिहार सरकार के निबंधन, उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री मदन सहनी ने विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन के कई वरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
करीब 82.93 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस नए भवन को आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप विकसित किया गया है। कार्यालय में जमीन की खरीद-बिक्री और निबंधन कार्य कराने आने वाले लोगों के लिए वातानुकूलित हॉल, अत्याधुनिक कंप्यूटर कक्ष, प्रतीक्षालय तथा अभिलेखों के सुरक्षित रखरखाव की व्यवस्था की गई है।
नवनिर्मित भवन में जिला अवर निबंधक (डीएसआर) एवं संयुक्त अवर निबंधक (जेएसआर) के लिए अलग-अलग कार्यालय बनाए गए हैं। साथ ही पुरुषों एवं महिलाओं के लिए पृथक शौचालय, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था तथा परिसर का सौंदर्यीकरण भी कराया गया है।
कार्यालय परिसर में जीविका दीदियों द्वारा संचालित कैंटीन की भी व्यवस्था की गई है, जहां आगंतुकों को चाय, नाश्ता एवं भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा प्रतीक्षारत लोगों के लिए एक लाइब्रेरी भी स्थापित की गई है, जिसमें विभिन्न विषयों की पुस्तकें एवं पत्रिकाएं उपलब्ध रहेंगी।
उद्घाटन के बाद लोगों को जमीन निबंधन से संबंधित सेवाएं अधिक सुगमता और बेहतर वातावरण में मिल सकेंगी। आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से लैस यह कार्यालय भोजपुर जिले के लोगों को पारदर्शी एवं त्वरित सेवा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Join us on: