संध्या गश्ती के दौरान बहादुरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पिस्टल व जिंदा कारतूस के साथ तीन युवक गिरफ्तार।

SHARE:

दरभंगा संवाददाता:- लक्ष्मण कुमार!

दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र में संध्या गश्ती के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर अहियापट्टी के समीप वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान फेकला-चट्टी रोड की ओर से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस को देखते ही युवक भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों की तत्परता और घेराबंदी के कारण तीनों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान एक युवक के पास से एक पिस्टल, एक मैगजीन तथा तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने हथियार के साथ मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।
बताया जाता है कि पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि युवकों में से एक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है और किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की फिराक में है। गिरफ्तार तीनों युवकों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवकों की पहचान, हथियार के स्रोत, आपराधिक पृष्ठभूमि तथा उनके संभावित उद्देश्य की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

Join us on: