नवादा में 10 करोड़ रुपये की साइबर ठगी अपराध पर बड़ी कार्रवाई, अंतरराज्यीय ठगी गिरोह का एक आरोपी गिरफ्तार!

SHARE:

नवादा/ सोनू सिंह ।

नवादा:
बिहार के नवादा जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नवादा पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

क्या है पूरा मामला:
नवादा हेडक्वार्टर DSP निशु मल्लिक के अनुसार, साइबर थाना नवादा को आर्थिक अपराध इकाई (EOU), पटना से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध बैंक खाते के माध्यम से विभिन्न राज्यों के लोगों के साथ साइबर ठगी की जा रही है और अवैध तरीके से पैसों का लेन-देन हो रहा है।

सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान, बैंकिंग डिटेल, साइबर पोर्टल और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर जांच शुरू की।

ऐसे हुआ खुलासा:
जांच के दौरान संदिग्ध बैंक खाता “Sonali Enterprises” के बारे में जानकारी मिली, जो नगर थाना क्षेत्र केकोनिया पर निवासी बालवीर प्रसाद (लगभग 30 वर्ष) पिता सुगदेव चौहान के नाम से संचालित हो रहा था।

दिनांक 08 मई 2026 को एसआईटी टीम ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे थाना लाकर गहन पूछताछ की गई।

पूछताछ में क्या आया सामने:
तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ऑनलाइन निवेश, शेयर मार्केट और अधिक मुनाफे का झांसा देकर लोगों को ठगता था। ठगी की रकम को इसी बैंक खाते में ट्रांसफर कराया जाता था।

जांच में महाराष्ट्र और राजस्थान सहित कई राज्यों के लोगों से ठगी की पुष्टि हुई है। आरोपी द्वारा साइबर ठगी की रकम का लेन-देन और बंटवारा भी किया जाता था।

करोड़ों का ट्रांजेक्शन:
पुलिस जांच में खाते में करीब 1 करोड़ 4 लाख रुपये का संदिग्ध ट्रांजेक्शन सामने आया है। वहीं, अन्य राज्यों के पीड़ितों से संपर्क में यह भी सामने आया कि करीब 10 करोड़ रुपये की ठगी की गई है।

पुलिस की कार्रवाई जारी:
फिलहाल साइबर पुलिस निरीक्षक प्रभा कुमारी पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से ऑनलाइन निवेश और अनजान लिंक से सावधान रहने की अपील की है।

Join us on: