जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने आमजनों की समस्याएं सुनीं, त्वरित समाधान हेतु अधिकारियों को दिए निर्देश!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा

सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने आमजनों की समस्याएं सुनीं, त्वरित समाधान हेतु अधिकारियों को दिए निर्देश

ऐंकर– मधुबनी जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने समाहरणालय परिसर में सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत सबका सम्मान-जीवन आसान कार्यक्रम के तहत अपने कार्यालय कक्ष में आमजनों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस जनसंवाद कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों में होने वाली कठिनाइयों को दूर करना तथा प्रशासन और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना है। कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए दर्जनों लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में शाहपुर, प्रखंड पंडौल निवासी बद्रीनारायण झा ने जमीन विवाद निपटारे के संबंध में आवेदन दिया।

ग्राम पोखरशाम पोस्ट सलेमपुर के गुड़िया देवी ने ओरियन सिक्योर कंपनी के द्वारा विगत दो वर्षों से मानदेय भुगतान नहीं करने के संबंध में आवेदन दिया।

वही संजू देवी भवानी नगर कॉलोनी भच्छी निवासी ने मौजा भौंआरा अंतर्गत खाता संख्या 22 खेसरा संख्या 3 पुराण जमीन पर जाने हेतु रास्ता दिलवाने के संबंध में आवेदन दिया।

भोगेंद्र प्रसाद ग्राम पंचायत जफरा निवासी बिस्फी प्रखंड अंतर्गत पंचायत जफरा के राजस्व हाट के निविदा को पंचायत से प्रखंड स्तर पर करवाने से संबंधित आवेदन दिया।

सुखेत पंचायत थाना झंझारपुर के तपसी यादव ने सरकारी रास्ता को अतिक्रमण से मुक्त कराने हेतु आवेदन दिया।

परिवादी फुलझरिया देवी पंचायत नवादा प्रखंड अंचल थाना मधेपुर जिला मधुबनी निवासी ने वासगीत पर्चा मिलने के बाद भी जमीन प्राप्त नहीं होने के संबंध में शिकायत किया। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने कक्षों में उपस्थित होकर जिले भर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए।
उल्लेखनीय है कि सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत ‘‘सबका सम्मान-जीवन आसान’’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सम्मानपूर्वक उनकी समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराना तथा प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जन-हितैषी, पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनाना है।
जिलाधिकारी ने इस अवसर पर कहा कि प्रशासन आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें बेहतर प्रशासनिक सेवा प्राप्त हो सके।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों द्वारा बारी-बारी से सभी आवेदकों की शिकायतें सुनी गईं तथा उनके त्वरित समाधान के लिए अग्रेतर कार्रवाई शुरू कर दी गई।

Join us on: