रुपये गिनने का वीडियो वायरल,महिला दारोगा समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

मधुबनी ड्यूटी के दौरान वाहन में रुपये गिनने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मधुबनी पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा) समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही तीनों के विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें अररिया संग्राम थाना की एक महिला पुलिस पदाधिकारी वाहन के अंदर रुपये गिनती हुई दिखाई दे रही थीं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने तत्काल जांच के आदेश दिए और जांच की जिम्मेदारी झंझारपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुबोध कुमार सिन्हा को सौंपी गई थी।
एसडीपीओ द्वारा की गई जांच एवं सत्यापन में यह बात सामने आई कि वायरल वीडियो करीब दो माह पुराना है। वीडियो में दिखाई दे रही महिला पुलिस पदाधिकारी की पहचान अररिया संग्राम थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक सोनल कुमारी के रूप में हुई, जो वर्तमान में अवकाश पर हैं। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि जिस वाहन में यह घटना हुई, उसमें ड्यूटी पर महिला सिपाही सौंदर्या राय और सिपाही गौतम कुमार भी मौजूद थे। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ड्यूटी के दौरान इस प्रकार का आचरण न केवल संदेह उत्पन्न करता है, बल्कि पुलिस विभाग की निष्पक्षता और साख पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए सोनल कुमारी, गौतम कुमार और सौंदर्या राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मधुबनी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वर्दी की गरिमा और जनता के विश्वास को बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता मे है। विभाग की छवि को धूमिल करने वाले किसी भी कृत्य पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में जहाँ चर्चा का माहौल गर्म है।

Join us on: