संवाददाता :- विकास कुमार!
सहरसा जिले में मिड-डे मील को लेकर लगातार दूसरे दिन बड़ा मामला सामने आया है। शुक्रवार को सौरबाजार प्रखंड के कन्या मध्य विद्यालय मुरचा में भोजन खाने के बाद एक दर्जन से अधिक बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बच्चों को पेट दर्द, उल्टी और घबराहट की शिकायत होने लगी, जिसके बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सभी बच्चों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है।
बच्चों और अभिभावकों का आरोप है कि मिड-डे मील में सांप का कांटा और शरीर का हिस्सा मिला था। हालांकि जिला पदाधिकारी ने प्रथम दृष्टया खाने में सांप मिलने की बात को अफवाह बताया है। डीएम ने कहा कि कुछ बच्चों की तबीयत बिगड़ी थी, लेकिन अधिकांश बच्चों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले महिषी प्रखंड के मध्य विद्यालय बलुआहा में भी मिड-डे मील खाने के बाद दो दर्जन से अधिक बच्चे बीमार पड़ गए थे। लगातार दूसरे दिन सामने आई इस घटना के बाद अभिभावकों में भारी नाराजगी है। प्रशासन ने भोजन के नमूनों की जांच कराने की बात कही है, जबकि स्थानीय लोग पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
BYTE :- सहरसा जिलाधिकारी दीपेश कुमार



