रिपोर्ट – अमित कुमार!
मंत्री पद की शपथ लेते ही मिथिलेश तिवारी एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने साफ कहा कि अब “कल का काम कल” नहीं बल्कि “आज का काम आज” की नीति पर सरकार काम करेगी। जनता की समस्याओं का ऑन द स्पॉट समाधान किया जाएगा और किसी भी मामले को टाला नहीं जाएगा।
मिथिलेश तिवारी ने कहा कि जनता और कार्यकर्ताओं के लिए उनका दरवाजा हर समय खुला रहेगा। रात में भी अगर किसी जरूरतमंद का फोन आएगा और घंटी बजेगी तो वह उठकर जनता की समस्या के समाधान के लिए तैयार रहेंगे। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी की कैबिनेट में शामिल होने के बाद उनकी जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री अपने कर्मठ और जुझारू कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाने और आशीर्वाद देने आए थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने विकसित भारत का सपना देखा है और उसी सोच के साथ बिहार को भी विकसित राज्य बनाने का संकल्प लिया गया है।
मिथिलेश तिवारी ने कहा कि विकसित बिहार के संकल्प को सिद्धि में बदला जाएगा। कार्यकर्ताओं से उनका सीधा संपर्क रहेगा। उन्होंने कहा कि वर्षों तक संगठन में घूम-घूमकर कार्यकर्ताओं के साथ समय बिताया है और उनकी भावनाओं को समझा है।
विभाग मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनकी कोई व्यक्तिगत लालसा नहीं है। जो भी विभाग मिलेगा, उसमें पूरी ईमानदारी और निष्ठा से काम करेंगे।
वहीं पश्चिम बंगाल की राजनीति और हालिया घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि संविधान से ऊपर कोई नहीं है। उन्होंने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। शिवेंदु अधिकारी के समर्थकों पर गोली चलाने की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दोषियों पर कार्रवाई होगी और अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने यूपी और बिहार में अपराधियों के खिलाफ हुई कार्रवाई का उदाहरण देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में भी अपराधियों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।



