रिपोर्ट – ऋषभ कुमार!
बिहार के छपरा में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां छपरा – सिवान राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 531 पर सारण जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बनवार रेलवे फ्लाई ओवर के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में आर्केस्ट्रा टीम के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है। हादसे के बाद इलाके में अफरा- तफरी और चीख- पुकार मच गई। हालांकि सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस और प्रशासन की टीम संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। घटना स्थल पर पहुंचे ग्रामीणों का कहना है कि विगत 6 मई को भी छपरा में आर्केस्ट्रा टीम की गाड़ी सड़क हादसे का शिकार हुई थी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे इन हादसों ने हाईवे पर बेलगाम रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि पिकअप वैन में सवार सभी लोग एक आर्केस्ट्रा टीम के सदस्य थे, जो रात भर शादी समारोह में कार्यक्रम करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप वैन को जोरदार तरीक़े से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और कई लोग गाड़ी में ही फंसे रह गए। हालांकि स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। घटना स्थल से कुछ लोगों को सदर अस्पताल छपरा तो कुछ को एकमा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए एनएच- 531 पर लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची स्थानीय थाने की पुलिस टीम द्वारा क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया। हालांकि मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है,लेकिन उसकी प्रक्रिया जारी है, जबकि घायलों के परिजनों को सूचना दी जा रही है।
Byte: तैयब हुसैन अंसारी, दारोगा, 112 टीम, दाउदपुर थाना, सारण




