बांका-अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में हथियार व उपकरण बरामद!

SHARE:

शंखनाद के लिए अश्वनी श्रीवास्तव की रिपोर्ट धोरैया (बांका)

एसटीएफ की सूचना पर बांका पुलिस की कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस।

बांका जिले के धोरैया थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार निर्माण के एक अड्डे का खुलासा किया है। मंगलवार को एसटीएफ बिहार, पटना की आर्म्स सेल से मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह छापेमारी की गई। मामले की जानकारी बुधवार को बौसी के एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-II, बौसी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने धोरैया थाना क्षेत्र के सरवा गांव में बोध नारायण मंडल के घर पर छापा मारा, जहां अवैध हथियार निर्माण का काम चल रहा था।छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दो अर्द्धनिर्मित पिस्टल, पिस्टल के बैरल, स्लाइड, बट समेत कई जरूरी पुर्जे बरामद किए। इसके अलावा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले औजार जैसे लेथ मशीन के पार्ट्स, ग्राइंडर मशीन, ड्रिल बीट, डाई, गुनिया सहित अन्य उपकरण भी जब्त किए गए। पुलिस ने सात जिंदा कारतूस (एचपीएम 32 अंकित) भी बरामद किए हैं।इस मामले में धोरैया थाना कांड संख्या 101/26, दिनांक 07 अप्रैल 2026 को आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मौके से आरोपी बोध नारायण मंडल (48 वर्ष), निवासी सरवा गांव, को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पहले भी एक मामले में आरोपित रह चुका है। फिलहाल पुलिस इस अवैध हथियार निर्माण से जुड़े अन्य लोगों और संभावित नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है।छापेमारी दल में धोरैया थाना के थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अमित कुमार, पुअनि आसिफ अख्तर समेत अन्य पुलिसकर्मी एवं एसटीएफ बिहार की टीम शामिल थी।

Join us on: