:- रवि शंकर अमित!
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व-2026 के अवसर पर दिनांक 04 सितम्बर 2026 से 09 सितम्बर 2026 तक जिले में आयोजित होने वाले पूजा, मेला एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इस संबंध में संयुक्त आदेश जारी करते हुए जिले के प्रमुख पूजा पंडालों, मंदिरों, मेला स्थलों, चौक-चौराहों, जुलूस एवं विसर्जन मार्गों तथा संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिले के तेघड़ा, मंझौल, बखरी, बलिया एवं बेगूसराय सदर अनुमंडल सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में 175 से अधिक महत्वपूर्ण स्थलों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल एवं लाठी बल की संयुक्त प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रशासन द्वारा विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले पूजा पंडालों, मेला स्थलों, प्रमुख चौक-चौराहों तथा आवागमन के महत्वपूर्ण मार्गों पर सतत निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
समाहरणालय परिसर स्थित कारगिल विजय सभा भवन के ऊपरी तल पर 24 घंटे कार्यरत जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 06243-222835 है। जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में अपर समाहर्ता (विभागीय जाँच) श्री महेश्वर प्रसाद सिंह रहेंगे। जिले के समग्र विधि-व्यवस्था संधारण के वरीय प्रभार में अपर समाहर्ता श्री बृज किशोर चौधरी एवं पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) श्री निखिल कुमार प्रतिनियुक्त रहेंगे।
सभी अनुमंडलों में भी नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए दंगा निरोधी दस्ता, आवश्यक उपकरणों एवं सुरक्षा सामग्री के साथ तैयार रहेगा। साथ ही क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को सदैव अलर्ट मोड में रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित होने वाले सभी जुलूसों का शत-प्रतिशत लाइसेंस होना अनिवार्य किया गया है। जुलूस एवं विसर्जन मार्गों पर डीजे के अनियंत्रित प्रयोग तथा अस्त्र-शस्त्रों के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पूजा समितियों एवं आयोजकों को प्रत्येक पूजा पंडाल में पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति, पहचान पत्र अथवा बैच की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे एवं अग्निशामक यंत्र की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
विसर्जन एवं मेला स्थलों पर पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग तथा आवश्यकतानुसार गोताखोरों एवं बचाव दलों की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। स्वास्थ्य एवं नागरिक सुविधाओं के दृष्टिकोण से मेला एवं पूजा क्षेत्रों में एंबुलेंस, मेडिकल टीम, अग्निशमन दस्ता, पेयजल की व्यवस्था, सचल शौचालय तथा नगर निकायों द्वारा नियमित फॉगिंग एवं ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव की व्यवस्था की गई है।
सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम एवं एक्स आदि पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। साइबर सेनानी एवं विशेष टीम द्वारा आपत्तिजनक, भ्रामक अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले संदेशों एवं पोस्टों की सतत निगरानी की जाएगी तथा अफवाह फैलाने एवं भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध त्वरित एवं सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विधि-व्यवस्था संधारण के लिए नगर एवं बेगूसराय सदर क्षेत्र में काली स्थान चौक, ट्रैफिक चौक, बस स्टैंड चौक, पावर हाउस चौक, सुभाष चौक, हरहर महादेव चौक, मुंगेरीगंज, हीरालाल चौक, कर्पूरी स्थान चौक एवं टेढ़ीनाथ मंदिर चौक सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। लोहिया नगर क्षेत्र में मौनी बाबा ठाकुरबाड़ी में आयोजित मटका फोड़ कार्यक्रम स्थल, वीर कुंवर सिंह चौक, गांधी चौक, बाईपास रोड चौक, बाघा एवं मिलन चौक पर विशेष व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त रतनपुर, मुफस्सिल, सिंघौल, लाखो एवं नीमाचाँदपुरा थाना क्षेत्रों के प्रमुख चौक, मंदिर एवं मेला स्थलों पर भी दंडाधिकारी एवं पुलिस बल प्रतिनियुक्त किए गए हैं।
तेघड़ा अनुमंडल क्षेत्र, जहां श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर बड़े पैमाने पर मेला एवं धार्मिक आयोजन होते हैं, वहां विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मुख्य मंडप, आदर्श श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समिति, आदर्श युवा निकेतन, नवयुवक संघ चैती दुर्गा पूजा समिति, नवीन पूजा समिति, शिव मंदिर समिति, पुराना ब्लॉक पूजा समिति, प्रधान मंडप समिति, अनुमंडल-सह-प्रखंड कार्यालय परिसर, माँ दुर्गा पूजा समिति, वृंदावन पूजा समिति, युवा संघ एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समिति पकठौल सहित प्रमुख पूजा समितियों एवं पंडालों पर सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
तेघड़ा क्षेत्र के गौशाला मेला ग्राउंड, कांग्रेस भवन मेला ग्राउंड, शारदा मार्केट मेला ग्राउंड, प्रखंड कार्यालय मेला ग्राउंड, वाटिका चौक, डायमंड गली, दीनदयाल रोड, कैरीवाड़ी काली स्थान, ठाकुरबाड़ी, मिरचैया चौक, अजीत पत्रकार पथ एवं सिंधिया चौक सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए गौशाला, कैंची मोड़, बरौनी फ्लैग गुमटी, नगर परिषद मोड़, ब्लॉक मोड़, रेलवे गुमटी संख्या-14, भागीरथी रोड बाजार, सूर्यनारायण सिंह द्वार, एसबीआई बैंक के समीप एवं दनियालपुर तीनमुहानी सहित विभिन्न स्थानों पर बैरियर एवं चेकिंग प्वाइंट स्थापित किए गए हैं।
बरौनी, गढ़हारा एवं चकिया क्षेत्रों में जीरोमाइल गोलंबर, मालती चौक, बरौनी टेम्पो स्टैंड, केशावे, गढ़हारा ठाकुरबाड़ी, रेलवे यार्ड, शिव मंदिर चकिया, मल्हीपुर चौक, चकिया दुर्गा मंदिर एवं कसहा सहित प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। एफसीआई क्षेत्र स्थित बड़ी दुर्गा मंदिर सिद्ध पीठ पर भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
मंझौल एवं बखरी अनुमंडल क्षेत्र के अंतर्गत मंझौल बस स्टैंड चौक, सत्यारा चौक, चेरिया बरियारपुर बाजार एवं मेला क्षेत्र, विभिन्न ठाकुरबाड़ी एवं मंदिर परिसर, बूढ़ी गंडक नदी घाट, छौड़ाही बाजार, बखरी बाजार, सलौना ठाकुरबाड़ी, पुराना थाना रोड स्थित श्याम मंदिर, नावकोठी के विभिन्न धार्मिक स्थल तथा गढ़पुरा बाजार चौक एवं पुस्तकालय क्षेत्र सहित महत्वपूर्ण स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
बलिया, साहेबपुर कमाल एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लखमिनियाँ स्टेशन, बलिया बाजार, पटेल चौक, भगतपुर मोड़, गोविंद भवन, भगवानपुर बाजार, विभिन्न मेला एवं पूजा स्थल, वीरपुर क्षेत्र के प्रमुख चौक एवं ठाकुरबाड़ी, शाम्हो डीह, शिव मंदिर तथा डंडारी क्षेत्र में भी सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की विशेष व्यवस्था की गई है।
जिला प्रशासन सभी नागरिकों, श्रद्धालुओं, पूजा समितियों एवं आयोजकों से अपील करता है कि वे श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करें। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और बिना सत्यापन के किसी भी भ्रामक सूचना अथवा संदेश को सोशल मीडिया पर प्रसारित न करें।



