रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिलेभर में खाद की दुकानों पर पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में यह कार्रवाई की गई। चलाए गए अभियान में सभी थानाध्यक्ष ( एस एच ओ), उप-विभागीय मजिस्ट्रेट ( एस डी एम), सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ( एस डी पी ओ) और प्रखंड कृषि पदाधिकारियों की टीम मौजूद रही। किसानों को मिलने वाली सब्सिडी वाली खाद के कालाबाजारी और जमाखोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है। छापेमारी के दौरान दर्जनों दुकानों का निरीक्षण किया गया और कई दुकानों पर अनियमितताएं पाई गईं है। जैसे सब्सिडी वाली यूरिया और डीएपी की कमी या अधिक मूल्य पर बिक्री और कुछ दुकानों से अवैध स्टॉक जब्त किया गया है। जबकि कई दुकानदारों को नोटिस जारी कर दिए गए है। जिला प्रशासन के अनुसार, रबी फसल के मौसम में खाद की किल्लत न हो, इसके लिए यह अभियान नियमित रूप से चलाया जाएगा। वही, कृषि विभाग के एक अधिकारी ने बताया है कि छापेमारी में 20 से अधिक दुकानों पर उल्लंघन पाया गया है। दोषी दुकानदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें जुर्माना और लाइसेंस रद्द करने तक की कार्रवाई शामिल है। किसानों ने इस अभियान का स्वागत किया है। किसानों का मानना है कि इस कार्वाई से लोगों को खाद सस्ते दर पर उपलब्ध होगी।
पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने कहा है कि खाद की कालाबाजारी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में ऐसे अभियान तेज किए जाएंगे। यह कार्रवाई किसानों को राहत प्रदान करने के साथ ही बाजार में पारदर्शिता सुनिश्चित करेगी। तो वहीं, जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे किसी भी अनियमितता की सूचना तुरंत जिला प्रशासन को दें।



