संवाददाता :- विकास कुमार!
सहरसा नगर निगम क्षेत्र के सुखासन वार्ड संख्या 3 स्थित सुखेश्वर नाथ मंदिर में अज्ञात चोरों ने बुधवार रात को चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसकर दान पेटी से करीब 50 हजार रुपये नकद उड़ा लिए। इस घटना से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है और उन्होंने पुलिस से चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।ग्रामीण दिनेश यादव ने बताया कि चोरों ने सोची-समझी साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया। चोरी से पूर्व मंदिर परिसर में लगे हाई मास्ट लैंप की लाइटें बंद कर दी गई थीं। उसके बाद चोरों ने मुख्य ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दान पेटी को क्षतिग्रस्त कर श्रद्धालुओं के चढ़ावे की राशि लूट ली। गुरुवार सुबह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे ग्रामीणों को टूटा ताला व खाली दान पेटी मिली, जिसकी सूचना उन्होंने तत्काल मीडिया को दी।ग्रामीणों का कहना है कि सुखेश्वर नाथ मंदिर गांव की शान व आस्था का प्रतीक है। इस घटना से लोगों में गुस्सा चरम पर है। उन्होंने क्षेत्र में रात्रि गश्ती की ढिलाई पर सवाल उठाते हुए मंदिरों व धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा मजबूत करने, सीसीटीवी कैमरे लगाने व नियमित पुलिस गश्त की मांग की है।सहरसा सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त होने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
BYTE :- ग्रामीण




