गोपालगंज में बड़ा हादसा: सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस से चार मजदूरों की मौत, मचा चित्कार!

SHARE:

रिपोर्ट – अवधेश कुमार!

: गोपालगंज जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है गोपालपुर थाना क्षेत्र के सवनहीं गांव में शौचालय के सेप्टिक टैंक का शटरिंग खोलने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चार मजदूरों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव से लेकर अस्पताल तक चीख-पुकार मच गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

मिली जानकारी के अनुसार, सवनहीं गांव निवासी रेशमा खातून के नए मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। मकान में शौचालय के लिए सेप्टिक टैंक बनाया गया था। शनिवार को चार मजदूर टैंक के अंदर शटरिंग खोलने के लिए पहुंचे थे.

बताया जाता है कि सबसे पहले दो मजदूर सेप्टिक टैंक के अंदर उतरे। अंदर जाते ही ऑक्सीजन की कमी और जहरीली गैस के कारण दोनों की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। दोनों मजदूरों को परेशानी में देख उन्हें बचाने के लिए दो अन्य मजदूर भी टैंक के अंदर उतर गए। लेकिन वे भी जहरीली गैस की चपेट में आ गए.एक-एक कर चारों मजदूरों की हालत गंभीर हो गई.

वही घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई.स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह चारों को सेप्टिक टैंक से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए कुचायकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बाद में उन्हें गोपालगंज मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया.

मृतकों की पहचान बंटी बैठा उर्फ राकेश बैठा, जावेद आलम उर्फ टीपू, उमेश यादव, सभी सवनहीं गांव निवासी, तथा गिदहा गांव निवासी शबे आलम के रूप में हुई है.

चार मजदूरों की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है।

वही हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सेप्टिक टैंक में किस तरह की जहरीली गैस बनी थी, इसकी जांच की जा रही है.

Join us on: