मुजफ्फरपुर- 4 दिनों से लापता विवाहिता एवं 3 बच्चों समेत 4 लाश बरामद, जिले में हड़कंप!

SHARE:

रिपोर्ट- संतोष तिवारी!

बिहार/मुजफ्फरपुर

मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदवारा घाट पुल के पास नदी किनारे मां और 3 बच्चों का शव मिला है। चारों की लाश आपस में दुपट्टे से बंधे थे। मृतका की पहचान अहियापुर निवासी ममता देवी के रूप में हुई है। जबकि मृतक बच्चों में कृति (2), आदित्य (7), अंकुश (5) शामिल हैं।
महिला अपने तीनों बच्चों के साथ चार दिनों से लापता थी। चारों की लाश गंडक नदी के पास से बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में ये आत्महत्या का मामला लग रहा है।
हालांकि, परिजन अपहरण के बाद हत्या की आशंका जता रहे हैं। मृतका के पति का कहना है कि फोन पर उसे किसी ने अनजान नंबर से कॉल किया था। कह रहा था, ‘तुम्हारी पत्नी किडनैप हो गई है। मैं उसी से शादी करूंगा।’
मृतका का पति कृष्ण मोहन ऑटो चलाता है। ये अहियारपुर में किराए के मकान पर रहता है। उसने बताया, मैं काम पर गया था। जब वापस लौटा तो पत्नी और बच्चे घर पर नहीं थे। काफी खोजबीन के बाद थक-हारकर अहियापुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
आज स्थानीय लोगों ने चंदवारा पुल के पास नदी में शवों को देखा, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चारों के शव को पानी से निकाला।
पति कृष्ण मोहन ने बताया, ‘अपहरण के बाद उसकी पत्नी का मर्डर हुआ है। ममता बिना बताए घर से निकली थी और अपने साथ कोई जरूरी सामान भी नहीं ले गई थी, जो किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है।’
फिलहाल महिला समेत 3 बच्चों की लाश मिलने के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा है। मौके पर FSL की टीम मौजूद है। चारों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

SSP ने कहा, “पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मौत डूबने से हुई है या उनकी हत्या कर शव को नदी में फेंका गया है। पुलिस हर संभावित पॉइंट पर गहराई से जांच कर रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।”

Join us on: