रिपोर्टर — राजीव कुमार झा!
एडीएम ने आरओबी स्थल का किया निरीक्षण, भू-स्वामियों से भी की मुलाकात
178 करोड़ के आरओबी निर्माण कार्य में लाए तेजी, सर्वे टीम के साथ अधिकारियों को दिए निर्देश
मधुबनी जिले के जयनगर में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) परियोजना के कार्य को लेकर मंगलवार को अपर समाहर्त्ता (एडीएम) मुकेश रंजन ने स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सर्वे टीम, भू-अर्जन पदाधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर पूरे कार्य का बारीकी से जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण के क्रम में एडीएम ने कहा कि निर्माण कार्य में सावधानी बरती जाए, ताकि कम से कम क्षेत्र प्रभावित हो और स्थानीय लोगों की असुविधा न्यूनतम रहे। उन्होंने सर्वे टीम से मौजूदा मापी, भूमि स्वामियों से हुई बातों तथा निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की है। एडीएम श्री रंजन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सर्वेक्षण और भू-अर्जन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखें और हर चरण में जनसहयोग को प्राथमिकता दी जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित स्थलों का स्थलीय आकलन किया और ओवरब्रिज की रूपरेखा की समीक्षा करते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव लाएगी। टीम ने मौके पर उपस्थित भू-स्वामियों से बातचीत की और चिन्हित स्थानों की बंदोबस्ती व सीमांकन की जांच की है। सर्वे टीम के द्वारा पहले भी आरओबी के अंतर्गत आने वाले स्थानों की मापी और पहचान की जा चुकी है, जिसे आगे अब भू-अर्जन विभाग औपचारिक रूप से अंतिम रूप देगा। यह रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) लगभग 178 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की घोषणा की थी और जिसका शिलान्यास भी हो चुका है। परियोजना को स_समय तक निर्माण करने का निर्देश है। वर्तमान में ओवरब्रिज निर्माण कार्य काफी तेज गति से किया जा रहा है। ओवरब्रिज एनएच-527 बी पर बस्ती पंचायत स्थित छपकी टोला चौक से शुरू होकर शहीद चौक होते हुए अम्बे होटल (मेन रोड) तक बनाया जा रहा है। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य जयनगर शहर में लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या को कम कर यातायात को सुगम बनाना और लोगों के समय की बचत सुनिश्चित करना है। पूर्व में भी जिलाधिकारी, रेल अधिकारी और विभागीय अभियंताओं ने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर इस निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया था। एडीएम के इस ताजा निरीक्षण को कार्य की गति बढ़ाने और समन्वय को मजबूत करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान एडीएम मुकेश रंजन के साथ एसडीओ दीपक कुमार, सीओ अखिलेश चौधरी, कनीय अभियंता और छह सदस्यीय सर्वे टीम के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि परियोजना को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए सभी विभाग मिलकर कार्य कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भी अधिकारियों से अनुरोध किया कि निर्माण कार्य के दौरान सड़क किनारे रहने वाले परिवारों की सुविधा और सुरक्षा का ध्यान रखा जाए। एडीएम ने इस पर आश्वासन देते हुए कहा कि प्रशासन जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देगा और परियोजना से जुड़े सभी पहलुओं की नियमित मॉनिटरिंग भी की जाएगी।




