बाढ़- शराब माफियाओं पर फिर चला प्रशासन का डंडा, 50 गैलन अर्धनिर्मित देसी शराब बरामद!

SHARE:

रिपोर्टर -सम्राट वीर सक्सेना

भदौर थाना क्षेत्र के सिलदही में फिर चला प्रशासन का डंडा, 50 गैलन अर्धनिर्मित देसी शराब बरामद

पटना, पंडारक: भदौर थाना क्षेत्र के सिलदही में अवैध देसी शराब के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की है। बुधवार को 112 की टीम और भदौर थाना की पुलिस के संयुक्त प्रशासनिक दल द्वारा छापेमारी की गई, जिसमें करीब 50 गैलन अर्धनिर्मित देसी शराब बरामद की गई।

प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में लंबे समय से देसी शराब का अवैध निर्माण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में शराब बनाने में प्रयुक्त कच्चा माल भी नष्ट किया गया। हालांकि, छापेमारी के दौरान शराब माफिया मौके से फरार हो गए।

गौरतलब है कि इसी वर्ष होली पर्व से पूर्व भी इसी क्षेत्र में इसी प्रकार की कार्रवाई की गई थी, इसके बावजूद अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक नहीं लग पाई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्रीय थाना स्तर पर शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है, जिसके कारण अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार छापेमारी के बावजूद यदि स्थायी निगरानी और सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो शराब माफिया दोबारा सक्रिय हो जाते हैं। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि नियमित गश्ती, स्थानीय थाना की जवाबदेही तय करने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि शराबबंदी कानून का सही मायनों में पालन हो सके।

फिलहाल प्रशासन ने बरामद अर्धनिर्मित शराब को जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Join us on: