रिपोर्ट – ऋषभ कुमार!
वैशाली जिले के पातेपुर स्थित ईमादपुर मुंशी चौक पर जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस घटना में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मारपीट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, ईमादपुर गांव में पिछले कई दिनों से दो परिवारों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। यह विवाद तब हिंसक झड़प में बदल गया जब दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
मारपीट के दौरान दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। इस झड़प में कई लोग घायल हुए।
एक पक्ष के चंद्रविजय राम ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2000 में यह जमीन खरीदी थी। उनका आरोप है कि दूसरे पक्ष के ईश्वर राम जबरदस्ती उनकी जमीन पर खेती कर रहे हैं।
वहीं, दूसरे पक्ष के भोला राम ने अपनी बात रखते हुए कहा कि वह अपने खेत में पानी दे रहे थे। इसी दौरान चंद्रविजय और उनके परिवार के लोग आए और दावा किया कि वह उनका खेत है। भोला राम के विरोध करने पर उन लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पातेपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद, गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया गया है।




