बेगूसराय- श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन ने की जोरदार तैयारी

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

आगामी छठ पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु जिला प्रशासन, बेगूसराय द्वारा व्यापक तैयारी की गई है।

जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री तुषार सिंगला द्वारा जिले के 160 छठ घाटों पर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है ताकि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना को रोका जा सके। साथ ही 34 थाना/ओ०पी पर रिजर्व सह मोबाईल गश्ती की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।

इसके साथ ही नियंत्रण एवं निगरानी के उद्देश्य से कंट्रोल रूम की स्थापना भी की गई है, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा। जिसका नंबर 06243- 222835 है । कंट्रोल रूम के माध्यम से घाटों की स्थिति की सतत मॉनिटरिंग की जाएगी और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे छठ घाटों पर पटाखे या आतिशबाज़ी का प्रयोग न करें, क्योंकि पटाखों के उपयोग से अफरा तफरी का माहौल उत्पन्न हो सकता है। इसलिए घाटों पर पटाखों के उपयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाया गया है।
साथ ही छठ पर्व के अवसर पर 27.10.2025 से 28.10.2025 तक निजी नाव एवं यंत्र चालित नाव के परिचालन पर भी पूर्णतः रोक लगाया गया है।
इसके अलावा, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नगर निगम, नगर परिषद एवं संबंधित प्रखंड प्रशासन को छठ महापर्व की तैयारियों की सतत समीक्षा करने एवं स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता तथा सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
सिविल सर्जन , बेगूसराय को सभी महत्वपूर्ण छठ घाटों पर डॉक्टर/ नर्स/ मेडिकल स्टाफ को महत्वपूर्ण दवाई,एम्बुलेंस तथा फर्स्ट-एड के साथ प्रतिनियुक्त करने का निदेश दिया गया है।

जिला प्रशासन बेगूसराय ने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और छठ पर्व को शांतिपूर्ण एवं श्रद्धामय वातावरण में मनाएँ।

Join us on: