बिहार को महादलित आयोग और ओबीसी आयोग प्रधानमंत्री श्री मोदी की ही देन है : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

बिहार चुनाव

भाजपा हर कार्यकर्ता को मौका देती है जबकि कांग्रेस परिवारवाद को बढ़ाती है

भाजपा कृष्ण-सुदामा की मित्रता के समान गरीबों की मदद के लिए तत्पर है

कांग्रेस के छोटे शहज़ादे को खुद को नहीं पता कि वो क्या बोल जाता है

भगवान श्री कृष्ण की उंगली पर जिस तरह सुदर्शन चक्र था, उसी तरह आज बिहार की जनता के हाथों में वोट की ताकत है


इस विधानसभा चुनाव में बिहार से महागठबंधन को उखाड़ फेंकना है

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बगहा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव सभा को किया संबोधित

भोपाल : 24 अक्टूबर, 2025

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आज देश के 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त अनाज मिल रहा है। जब कोई गरीब का बेटा प्रधानमंत्री बने तो वही ऐसा कर सकता है। मोदी जी सबका साथ, सबका विकास और विश्वास के संकल्प पर आगे बढ़ते हुए कार्य कर रहे हैं। दूसरी और कांग्रेस सिर्फ परिवारवाद को बढ़ावा देने की राजनीति कर रही है। एक ही परिवार से मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री क्यों बनना चाहिए? लेकिन भाजपा में ऐसा नहीं है, यहां लोकतंत्र है और सबको मौका मिलता है। मध्यप्रदेश सरकार और वहां के मुख्यमंत्री इसके स्पष्ट उदाहरण हैं। भाजपा के सरकार में आने के बाद श्री रामनाथ कोविंद और श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति पद को सुशोभित किया। हमारी पार्टी भगवान श्री कृष्ण और सुदामा की मित्रता से प्रेरणा लेते हुए गरीबों की मदद के लिए सदैव तत्पर है। बदलते दौर में बिहार बदल रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पूर्णिया में एयरपोर्ट बनवाया। बिहार में महादलित आयोग और ओबीसी आयोग भी यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा सरकार की ही देन है। कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी विदेश में जाकर देश को बदनाम करने का काम करते हैं। देश की सेना अपना शौर्य दिखाते हुए पाकिस्तान में घर में घुसकर आतंकियों का सफाया करती है। लेकिन राहुल गांधी को सेना के शौर्य पर विश्वास नहीं है। ऐसे नेता का क्या किया जाए, यह जनता को ही तय करना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बिहार की पवित्र धरती पर भगवान श्री कृष्ण के पुत्र साम्ब ने सूर्य मंदिर बनाया। बिहार की धरती पर भगवान गौतम बुद्ध का जन्म हुआ। जैन समाज के अनेक तीर्थंकर यहां हैं। बिहार देश का ऐसा राज्य है, जहां से सर्वाधिक आईएएस अधिकारी निकलते हैं। बिहार के लोगों का भगवान राम से कुछ अलग संबंध है। यहां के सीतामढ़ी से माता सीता का नाम जुड़ता है। भगवान श्रीराम बिहार के दामाद हैं। भगवान श्री राम और कृष्ण के नाम से ही दुनिया में भारत की पहचान है। कांग्रेस ने वर्षों तक भगवान श्रीराम के जन्म स्थान पर प्रश्न उठाए। उनकी पार्टी की वकीलों ने सुप्रीम कोर्ट तक में राम मंदिर के विरोध में पक्ष रखा और राम मंदिर निर्माण में बाधा डालने के लिए पूरी ताकत लगा दी। लेकिन सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने संकल्प को पूर्ण करते हुए अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण कराया। दूसरी ओर, लालू प्रसाद यादव जी ने अपनी बेटी का नाम मीसा रखा। कांग्रेस का छोटा शहजादा पता नहीं क्या क्या बोल जाता है और यहां के नेता उनकी कांग्रेस के साथ खड़े हो जाते हैं। भगवान श्री कृष्ण की उंगली पर जिस तरह सुदर्शन चक्र था, उसी तरह आज बिहार की जनता के हाथों में वोट की ताकत है। बिहार को विकास के पथ पर अग्रसर रखने के लिए, लोकतंत्र की रक्षा के लिए और प्रधानमंत्री श्री मोदी को मजबूत बनाने के लिए बिहार के लोगों को इस वोट रूपी सुदर्शन चक्र का इस्तेमाल करना है। इस विधानसभा चुनाव में बिहार से महागठबंधन को उखाड़ फेंकना है। चुनावी सभा को केंद्रीय कोयला एवं खनन राज्यमंत्री श्री सतीश चंद्र दुबे, सांसद श्री संजय जायसवाल, उत्तर प्रदेश के मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही ने भी संबोधित किया।

Join us on: