भागलपुर से धीरज शर्मा की रिपोर्ट

जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई एवं यथोचित दिशा निदेश दिए गए।प्रधानमंत्री आवास योजना की वर्तमान क्रियान्वयन स्थिति समीक्षा क्रम में गोराडीह,कहलगांव, गोपालपुर,इस्माइलपुर,बिहपुर,जगदीशपुर,नाथनगर,नवगछिया,पीरपैंती,रंगरा चौक,सबौर,शाहकुंड,सन्हौला,सुल्तानगंज में वर्णित योजना अंतर्गत आवास पूर्णता की प्रगति निर्धारित लक्ष्य की तुलना में अत्यंत असंतोषजनक पाया गया है।तदनुसार संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियो को प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत अपूर्ण आवासों को इस माह के अंत तक पूर्ण करने की दिशा में ठोस प्रयास की सख्त हिदायत दी गई है।निदेश अनुपालन में लापरवाही की स्थिति में कड़ी कारवाई की जायेगी।बैठक में प्रस्तावित पंचायत सरकार भवन निर्माण हेतु भूमि उपलब्धता समीक्षा क्रम में सभी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियो को अंचलाधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए आगामी पंद्रह दिनों में भूमि उपलब्धता संबंधित प्रस्ताव भेजने एवं निर्मित पंचायत सरकार भवन के भौतिक सत्यापन का निदेश दिया गया है।पंचायत स्तर पर आर०टी०पी०एस० काउंटर की कार्यशीलता समीक्षा क्रम में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियो को प्रखंड अंतर्गत सभी पंचायतो में आर०टी०पी०एस० काउंटर की कार्यशीलता सुनिश्चित करने एवं इसके सुचारू संचालन हेतु आवश्यक कारवाई का निदेश दिया गया है।
पर्यावरण संरक्षण,जल संरक्षण एवं अन्य बहुआयामी लक्ष्यों की प्राप्ति के उद्देश्य से संचालित जल,जीवन एवम हरियाली अभियान के तहत चिन्हित कार्यो में से एक कुंआ का जीर्णोद्धार कार्य की वर्तमान स्थिति समीक्षा क्रम में यह तथ्य उभरकर सामने आया कि ली गई योजनाओ में से चार सौ इकसठ योजना में कार्य प्रगति पर है,जिन्हें शीघ्र पूर्ण करने एवं लक्ष्य के अनुसार शेष बची योजना हेतु अविलंब प्राक्कलन तैयार कर प्रस्तुत करने का निदेश दिया गया है,ताकि शेष योजनाओ की पूर्णता की दिशा में आवश्यक कारवाई की जा सके।विकसित बिहार के सात निश्चय के तहत विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा हेतु प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘आर्थिक हल, युवाओं को बल’ के तहत संचालित योजना यथा:स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना,मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना एवं कुशल युवा कार्यक्रम समीक्षा क्रम में वर्णित योजनाओ से संबंधित आवेदन प्राप्ति में तेज़ी लाने हेतु आवश्यक कारवाई का निदेश प्रबंधक, जिला निबंधन सह परामर्श केंद्र को दिया गया है।समीक्षा क्रम में यह संज्ञान में आया कि लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान अंतर्गत प्रखंडवार चिन्हित स्थलो पर लगभग दो सौ सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कार्य पूर्ण है।पूर्ण हो चुके सभी सामुदायिक शौचालयों के हस्तानांतरण प्रक्रिया अविलंब पूर्ण करने एवं निर्धारित लक्ष्य के अनुसार शेष योजना को यथाशीघ्र पूर्ण करने का निदेश दिया गया है।सभी प्रखंडो को लंबित अंकेक्षण संबंधी कार्यो के निष्पादन हेतु ठोस प्रयास की सख्त हिदायत दी गई है।बैठक में सामाजिक सुरक्षा अंतर्गत संचालित पेंशन योजनाओं,न्यायालय संबंधी वादों की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की गई एवं यथोचित दिशा निदेश दिए गए।कोविड:19 संक्रमण से बचाव हेतु गांधी जयंती के अवसर पर संचालित टीकाकरण अभियान से लगभग एक लाख तीस हजार निर्धारित आयु वर्ग के व्यक्ति लाभान्वित हुए।जिलाधिकारी ने टीकाकरण की आशातीत सफलता के लिए जिलावासियों के प्रति आभार प्रकट किया है,
एवं टीकाकरण कार्य मे संलग्न स्वास्थ्यकर्मियों/अन्य कर्मियों के कार्यो की सराहना की है।
बैठक में उप विकास आयुक्त,सहायक समाहर्ता सहित अन्य सम्बंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।




