रिपोर्ट- अमित कुमार!
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी द्वारा आयोजित संविधान बचाओ पदयात्रा आज पटना में जबरदस्त जनसमर्थन के साथ सम्पन्न हुई। पार्टी कार्यालय सदाकत आश्रम से लेकर राजेन्द्र प्रसाद समाधि स्थल तक तीन किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने किया। इस पदयात्रा में दो किलोमीटर लंबे तिरंगे के साथ हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
राजेश राम ने पदयात्रा को संबोधित करते हुए कहा, “अगर अब भी हम चुप रहे तो संविधान नहीं बचेगा। कांग्रेस संविधान की आत्मा की रक्षा के लिए लड़ रही है और निरंकुश शासन के खिलाफ संघर्ष से पीछे नहीं हटेगी।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जब देश संकट में होता है, वे चुनावी रैलियों में व्यस्त रहते हैं।
प्रदेश प्रभारी सचिव देवेंद्र यादव ने कहा कि सरकार संविधान की आत्मा पर हमले कर रही है, जिससे समानता, एकता और लोकतंत्र खतरे में हैं। वहीं प्रभारी सचिव शाहनवाज आलम ने कहा कि जब संविधान की शक्तियों को कमजोर किया जाता है, तो देश अस्थिरता की ओर बढ़ता है।
विधान परिषद में कांग्रेस के नेता डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि संविधान की रक्षा के लिए आम जनता को जागरूक करना अब बेहद जरूरी हो गया है, क्योंकि वर्तमान सरकार संवैधानिक संस्थाओं को लगातार कमजोर कर रही है।
इस पदयात्रा में कांग्रेस के प्रदेश स्तरीय नेता, पूर्व विधायक, विधान पार्षद, जिलाध्यक्षों के अलावा हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। गगनभेदी नारों के साथ इस यात्रा ने सत्ता को स्पष्ट संदेश दिया कि कांग्रेस संविधान की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्षरत रहेगी।