रिपोर्ट :- संतोष चौहान, सुपौल।
– प्रतापगंज हत्याकांड का हुआ खुलासा, हथियार के साथ दो अपराधकर्मी गिरफ्तार, SP ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी
सुपौल जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र में 6 फरवरी 2025 को हुए फाइनेंस कर्मी अरविंद कुमार की हत्या का खुलासा करते हुए सुपौल पुलिस ने 50 हजार के इनामी अपराधी उपदेश यादव और उसके साथी मो० रईस को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके पास से एक लोडेड देसी कट्टा, वारदात में इस्तेमाल हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किया है। सुपौल SP शैशव यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मामले की जानकारी दी।
ज्ञात हो कि 6 फरवरी को प्रतापगंज थाना क्षेत्र के सितुहर गांव में भेंगा धार के पास एक शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव की शिनाख्त बेलही वार्ड नंबर-03 निवासी अरविंद कुमार (पिता-रामचरण रजक) के रूप में की गई, शुरुआती जांच में पता चला कि अरविंद की गोली मारकर हत्या की गई थी और शव को सूनसान इलाके में फेंक दिया गया था।
सुपौल SP शैशव यादव ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वीरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी जांच और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने इस मामले में संलिप्त अपराधियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने 10 फरवरी को 50 हजार के इनामी अपराधी उपदेश यादव (निवासी- जरैला, त्रिवेणीगंज) और मो० रईस (निवासी- मचहा सौराजन, प्रतापगंज) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
SP शैशव यादव ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी जिले से बाहर भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते इन्हें धर-दबोचा। गिरफ्तार अपराधियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। SP शैशव यादव ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए जिले में सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
Byte :- शैशव यादव (SP) सुपौल।




