रिपोर्ट- अमित कुमार!
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने 2025-26 के केंद्रीय बजट को “विकसित भारत की दिशा में उम्मीदों भरा कदम” करार दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह बजट गरीब, किसान, युवा और नारीशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार की केंद्रीय भूमिका को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने मखाना बोर्ड के गठन का निर्णय लिया है, जिससे मखाना किसानों और उद्योग को नई दिशा मिलेगी। साथ ही बिहार में राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी, उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान की स्थापना से किसानों और युवाओं को लाभ मिलेगा।
बिहार में पश्चिमी कोसी नहर परियोजना को वित्तीय सहायता और तीन नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के विकास को लेकर भी उन्होंने सरकार के फैसलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बिहटा ब्राउनफील्ड एयरपोर्ट के अलावा इन परियोजनाओं से बिहार की कनेक्टिविटी और समृद्धि को नई ऊंचाई मिलेगी।
उपमुख्यमंत्री ने किसानों के लिए क्रेडिट कार्ड की लिमिट 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपए किए जाने, स्ट्रीट वेंडर्स को 30 हजार रुपए तक का क्रेडिट कार्ड, आंगनवाड़ी पोषण योजना और गिग श्रमिकों को प्रोत्साहन देने के फैसलों को सराहा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जिन्हें कोई पूछता नहीं था, उन्हें पूजने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि यह बजट MSME से लेकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), ग्रामीण उद्यमिता से लेकर शहरी विकास तक समग्र प्रगति को दर्शाता है। इस बजट में “सबके उदय से भारत उदय” की भावना को साकार करने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने इस बजट को राज्य के विकास के लिए गेमचेंजर करार देते हुए कहा कि यह राज्य को पूर्वोदय से भारत उदय की दिशा में आगे बढ़ाने का काम करेगा।




