मन की बात फेम तारापुर शहीद स्मारक पर 100 फीट ऊंचा तिरंगा, स्वतंत्रता सेनानियों को समर्पित ऐतिहासिक पहल!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट सह प्रदेश प्रवक्ता जयराम विप्लव ने तारापुर के ऐतिहासिक शहीद स्मारक पर 100 फीट ऊंचा तिरंगा लगाने की प्रक्रिया शुरू होने पर प्रदेश सरकार का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि यह न केवल स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को सम्मानित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, बल्कि युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है।

जयराम विप्लव ने कहा, “यह हमारे लिए गौरव की बात है कि मन की बात फेम तारापुर के शहीद स्मारक को इस प्रकार से राष्ट्रीय महत्व का स्थान दिया जा रहा है। 1932 में ब्रिटिश दमन के खिलाफ लड़ते हुए 34 से अधिक ज्ञात और अज्ञात स्वतंत्रता सेनानी यहां शहीद हुए थे। ऐसे बलिदान को सम्मानित करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। बिहार सरकार द्वारा वर्ष 2022 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं तत्कालीन पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी जी के द्वारा शहीदों की स्मृति में पार्क और मूर्तियां स्थापित की गई थीं। उसी समय इस तिरंगे को लगाने की घोषणा की गई थी, जो अब पूरी हो रही है।”

विप्लव ने कहा कि ब्रिटिश काल का ऐतिहासिक थाना भवन, जो आज भी मौजूद है, को संरक्षित और संवर्धित किया जाना चाहिए। यह भवन न केवल हमारी स्वतंत्रता संग्राम की विरासत का प्रतीक है, बल्कि इसे संरक्षित कर हम अपनी अगली पीढ़ी को ऐतिहासिक तथ्यों से जोड़ सकते हैं।

विप्लव ने कहा, “हमारा दायित्व है कि हम अपने युवा पीढ़ी को उन बलिदानों से परिचित कराएं जिन्होंने हमें आजादी दिलाई। यह 100 फीट ऊंचा तिरंगा हमें हमारे वीर शहीदों के साहस, समर्पण और संघर्ष की याद दिलाता रहेगा। यह पहल हमें उनके बलिदान की ऐतिहासिक गाथा सुनाने और देशभक्ति का भाव प्रज्वलित करने का एक माध्यम है।” उन्होंने सरकार से अपील किया है कि तारापुर शहीद स्थल को और भी भव्य रूप दिया जाए, ताकि यह राष्ट्रीय धरोहर के रूप में उभर सके।

Join us on:

Leave a Comment