साड़ी व्यवसाई के घर पांच डकैतों ने की लुटपाट!

SHARE:

धीरज शर्मा, भागलपुर!

जिले में बेख़ौफ़ बदमाशों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती दिया है और सरेशाम डकैती की बड़ी घटना को अंजाम दे दिया, जिसकी पूरी तस्वीर आस-पास लगे सीसीटीवी में भी कैद हो गयी है। ताजा मामला तिलकामांझी थानाक्षेत्र के अशोका ग्राउंड स्थित उमाशंकर कंपाउंड का बताया जा रहा है, जब हथियारबंद 5 बदमाशों ने मंगलवार की शाम विनीत टेक्सटाइल के मालिक शम्भू टिबड़ेवाल के घर धावा बोला और उनकी पत्नी रेणु देवी को बंधक बनाकर आधे घण्टे तक लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान बदमाशों ने रेणु के हाथ-पैर बांधकर मुंह पर टेप तक लगा दिया ताकि महिला शोरगुल ना मचा सके और लाखों रुपये के जेवरात लूट चंपत हो गए। मामले में पीड़िता ने बताया कि जिस वक्त बदमाश घर में घुसे उस वक्त वह और उसकी नौकरानी लक्ष्मी घर में अकेली थी। पांचों बदमाश हथियार से लैस थे और घर में प्रवेश करते ही सोना-चांदी की मांग करने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके साथ मारपीट भी की और एक के बाद एक कई कमरों को खंगाल लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर गए। घटना की सूचना पर एसपी सिटी स्वर्ण प्रभात के साथ एएसपी पूरन झा और तिलकामांझी थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और पीड़ित महिला के साथ घर में मौजूद नौकरानी से भी घटना से सम्बंधित पूछताछ की। इस दौरान पुलिस ने घटना के वक्त घर में मौजूद नौकरानी लक्ष्मी को भी हिरासत में लिया है, जिससे पुलिस पूछताछ भी कर रही है।

Join us on:

Leave a Comment