रिपोर्टर — राजीव कुमार झा
48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ने “घर-घर तिरंगा, हर घर तिरंगा” थीम के तहत आज एक जागरूकता रैली का आयोजन किया। यह रैली स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने और प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित की गई। रैली का शुभारंभ सुबह 0600 बजे 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल मधुबनी जिले के जयनगर कैम्प से किया गया जो कि जयनगर रेलवे स्टेशन से होते हुए शहीद चौक से गुजरती हुई वापस 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल कैम्प में आकर पूर्ण हुई । इसमें सशस्त्र सीमा बल के जवानों के साथ स्थानीय नागरिक, स्कूल के बच्चे, और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य भी शामिल हुए। रैली के दौरान तिरंगे की महत्ता, उसकी शान और उसे सही तरीके से फहराने की जानकारी लोगों को दी गई। साथ ही, लोगों को देशभक्ति के गीतों और नारों के माध्यम से जागरूक किया गया। इस दौरान गोविंद सिंह भण्डारी, कमांडेंट सशस्त्र सीमा बल ने कहा, “हमारा उद्देश्य है कि हर भारतीय अपने घर पर तिरंगा फहराकर देश के प्रति अपने प्रेम और सम्मान को प्रकट करे। यह रैली उसी भावना को जागृत करने का एक प्रयास है। रैली का समापन 8:00 बजे साम में हुआ जहां सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर इस अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न किया। इस अवसर पर 48 वीं वाहिनी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्वतंत्रता दिवस पर अपने घर पर तिरंगा फहराकर देश के प्रति अपनी देशभक्ति को प्रकट करें और इस अभियान को सफल बनाएं।