रिपोर्ट- मृणाल गोस्वामी!
किशोर – पुलिस ने बहुचर्चित महजबी खातून हत्या कांड का सफल उद्भेदन किया है। मामले के वैज्ञानिक अनुसंधान के क्रम में पड़ोस में ही रहने वाले आरोपी युवक को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी से आवश्यक पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
शनिवार को एसडीपीओ खुसरू सिराज ने बताया कि गत 10 अक्टूबर को बहादुरगंज थाना क्षेत्र के नटुआपाड़ा वार्ड नं0 14 निवासी महिला महजबी खातून (46) पति मुजाहिर आलम अपने घर में मृत पाई गई थी। घटना के वक्त वह अपने घर में अकेली थी। शव को देखकर प्रथमदृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा था कि मार-पीट के बाद गला दवा कर उसकी हत्या कर दी गई थी।
घटना की जानकारी मिलते ही बहादुरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया था। जबकि एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य इकट्ठा किए थे। मृतका की बेटी के लिखित शिकायत पर बहादुरगंज थाने में केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई थी।
एसपी संतोष कुमार ने घटना को गंभीरता से लेते हुए मामले के उद्भेदन के लिए एसडीपीओ खुसरू सिराज के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान के क्रम में पड़ोस में ही रहने वाले सिमनान उर्फ साह समिनान (23) पिता अब्दुल खालीक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि विगत एक वर्ष से दोनों के बीच जान पहचान थी और आपस में मिलना-जुलना लगा रहता था। गत 5 अक्टूबर की रात महजबी खातून ने उसे फोन कर घर बुलाया था। जहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। जिससे आक्रोशित हो कर आरोपी सिमनान ने महजबी की पिटाई कर दी और फिर गला दबाकर हत्या करने के बाद वह मौके से फरार हो गया था। घटना के बाद सिमनान ने अपना मोबाइल भी स्विच ऑफ कर लिया था। लेकिन पुलिस की नजरों से वह बच ना सका।



