रिपोर्ट -मनोज कुमार
जिले के नेमदारगंज थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु डीएसपी निलीमा राय ने दुधैली के पास छापामारी कर 1960 लीटर स्प्रिट के साथ दो को गिरफ्तार किया है। छापामारी पटना मद्य निषेध विभाग से प्राप्त सूचना के आधार पर की गयी।
बताया जाता है कि थानाध्यक्ष को पटना मद्य निषेध विभाग से गोविन्दपुर की ओर से ट्रैक्टर के माध्यम से शराब की बड़ी खेप नेमदारगंज की ओर आने की गुप्त सूचना मिली। सूचना के आलोक में दुधैली के पास वाहन जांच के क्रम में ट्रैक्टर की तलाशी ली गयी। तलाशी के दौरान सिमेंट की बोरी में छिपाकर लायी जा रही 44 प्लास्टिक जार में कुल 1960 लीटर स्प्रिट बरामद होते ही ट्रैक्टर को जप्त कर चालक समेत दो को गिरफ्तार कर लिया। इस बावत अग्रेतर कार्रवाई आरंभ कर दी गयी है।
बता दें इसके एक दिन पूर्व गोविन्दपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार पटेल ने थाना के पास छापामारी कर लगभग इतनी ही मात्रा में स्प्रिट बरामद कर सिवान के सूरज कुमार को गिरफ्तार किया था। इस प्रकार लगातार स्प्रिट बरामद होने से शराब माफियाओं के हौसले पस्त होने लगे हैं।




