मतदान हमारा अधिकार, जरूर करें मतदान : नीतू नवगीत!

SHARE:

रिपोर्ट अनमोल कुमार

पटना। जिला निर्वाचन पदाधिकारी- सह- जिलाधिकारी, पटना श्री शीर्षत कपिल अशोक के निदेश पर लोकसभा आम निर्वाचन, 2024 में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए पूरे ज़िला में सघन मतदाता जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है।

पटना की स्वीप आइकॉन- बिहार की प्रसिद्ध लोकगायिका डाॅ. नीतू कुमारी नवगीत द्वारा लोकसभा आम निर्वाचन 2024 के दौरान मतदाताओं को मतदान करने हेतु प्रेरित करने के उद्देश्य से लगातार कार्यक्रम किया जा रहा है।

जिला प्रशासन, पटना के द्वारा आज रेडिएंट इंटरनेशनल स्कूल के सहायक कर्मियों एवं शिक्षकों के साथ मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

रेडिएंट इंटरनेशनल स्कूल में मतदाता जागरूकता अभियान में जिला जनसंपर्क अधिकारी श्री लोकेश कुमार झा एवं स्वीप आइकॉन डॉक्टर नीतू कुमारी नवगीत ने भाग लिया।

इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. शिव नारायण सिंह उपस्थित रहे। रेडियंट स्कूल की प्राचार्या मनीषा सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और हम सभी को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना होगा।

सहायक कर्मियों के मन में मतदान से संबंधित जितनी भी भ्रांतियां थी,उनके मन में उठने वाले अनगिनत प्रश्नों के जवाब श्री लोकेश कुमार झा ने दिए और मतदाता पहचान पत्र बनाने से लेकर कैसे मतदान किया जाए तक कि विस्तृत जानकारी उपस्थित सभी सहायक कर्मियों को दिया। इस अवसर पर डीपीआरओ, पटना श्री लोकेश कुमार झा ने बिहार को जनतंत्र की जननी बताते हुए कहा कि जिला निर्वाचन पदाधिकारी- सह- जिलाधिकारी, पटना के मार्ग-दर्शन में सघन रूप से मतदान जागरूकता का कार्य पूरे जिले में किया जा रहा है। उन्होंने इस कार्यक्रम के माध्यम से पटना के सभी निर्वाचकों से इस चुनाव में मतदान करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में स्वीप आइकॉन डॉक्टर नीतू कुमारी नवगीत ने सभी कर्मियों को मतदान हेतु शपथ दिलाई। उन्होंने अपनी जिंगल गीत एवं जागरूकता गीत के माध्यम से सभी को मतदान के लिए प्रेरित किया।
लोकगायिका डॉ० नीतू कुमारी नवगीत ने कई राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान बनायी है। इस कार्यक्रम में मतदान जागरूकता पर आधारित अपनी सुरमई गीतों के माध्यम से सभा में उपस्थित लोगों को मतदान हेतु जागरूक किया। उनके द्वारा गाये गए एक गीत के बोल थे-
लोकतंत्र एक महापर्व है, मिलकर इसे मनाते हैं,
देश की खातिर चलिए हम सब अपना वोट गिराते हैं।

डॉ. नीतू ने कहा कि मतदान हमारा अधिकार है। हमें मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। चुनाव के दिन सभी लोग अपने परिवार के साथ मतदान जरूर करें।

Join us on:

Leave a Comment