अनिल शर्मा की रिपोर्ट:

नवादा। कोरोना संक्रमण में आई कमी के बाद भले ही सरकार ने बिहार में अनलॉक के तहत कुछ छूट दिया है, लेकिन अभी भी नाइट कर्फ्यू लागू है। उसके बाद भी लोग नाइट कर्फ्यू को दरकिनार कर बार बालाओं के साथ ठुमका लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं। नवादा में कुछ ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

यह वीडियो नवादा जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र के दोना पंचायत के डफलपुरा गांव की बताई जा रही है। जिसमें दोना पंचायत के मुखिया रामानुज प्रसाद बार-बालाओं के साथ ठुमके लगाते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि हिसुआ के दोना पंचायत के डफलपुरा गांव में मंगलवार की रात शादी के बाद रिसेप्शन पार्टी का आयोजन किया गया था। इस पार्टी में बार बालाओं को भी बुलाया गया था। पार्टी में जमकर नाच, गाना हुआ।

मुखिया जी तो स्टेज पर चढ़कर बार बालाओं के साथ झूमते दिखे। सुबह होते ही किसी ने बार बालाओं के साथ मुखिया के डांस करने का वीडियो वायरल कर दिया। इस मामले में मुखिया रामानुज प्रसाद ने सफाई देते हुए बताया कि हम जनप्रतिनिधि हैं। युवा हमें संबोधन के लिए मंच पर बाध्य करते हुए लेकर चले गये और संबोधन करने को कहा। इसी दौरान लोगों ने फोटो और वीडियो लिया होगा। गौरतलब हो कि शादी के समारोह और रिसेप्शन के लिए प्रखंड और थाने में कोई सूचना और अनुमति भी नहीं ली गयी थी। इस मामले पर बीडीओ डॉ मृत्युंजय कुमार ने कहा कि जांच कर इस पर कार्रवाई की जाएगी।




