स्वाभिमान गिरवी रख कर कुर्सी बचाने वाले कर रहे हैं स्वाभिमान की बात- विजय सिन्हा!

SHARE:

रवि शंकर शर्मा :-

  • जंगल राज वालों के दबाव पर ‘जनता राज’ कह कर गुंडाराज स्थापित करने वाले न दें स्वाभिमान की दुहाई
  • सरकार अगर सारण जहरीली शराब कांड को गम्भीरता से लेती तो सीवान में पुनरावृति नहीं होती

पटना, 23.01.2023

बिहार विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने जदयू की ओर से आयोजित स्वाभिमान रैली व उसमें मुख्यमंत्री के सम्बोधन पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि राजद के हाथों अपना स्वाभिमान गिरवी रख कर अपनी कुर्सी बचाने वाले मुख्यमंत्री के मुंह से स्वाभिमान की बात शोभा नहीं देती है। राणा प्रताप ने तो अपने स्वाभिमान की रक्षा के लिए जंगल में रह कर घास की रोटी खाना स्वीकार किया मगर मुख्यमंत्री जी ने तो जंगल राज वालों के दबाव पर ‘जनता राज’ बता कर पूरे बिहार को ‘ गुंडाराज’ में तब्दील कर दिया है।

उन्होंने कहा कि एक ओर तो मुख्यमंत्री महाराणा प्रताप के स्वाभिमान व शौर्य की बातें कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनका कैबिनेट मंत्री व सहयोगी राजद राणा के वंशजों को अंग्रेजों का दलाल कह कर अपमानित कर रहा है। राणा ने तो तमाम दुश्वारियों के बावजूद कभी भी विधर्मी मुगलों की अधीनता स्वीकार नहीं की, मगर उनके नाम पर राजनीति करने वाले दल का एमएलसी पूरे देश में शहर-शहर कर्बला बनाने की धमकी देता है और मुख्यमंत्री जी उसका मौन समर्थन करते हैं। दरअसल मुख्यमंत्री की सत्ता-लोलुप राजनीति का यह दोहरापन है। ऐसे लोग स्वाभिमान की बात नहीं करें तो ही अच्छा रहेगा।

श्री सिन्हा ने कहा कि अहंकारी व्यक्ति थोथा स्वाभिमान का दिखवा तो कर सकता है, मगर उसकी रक्षा नहीं कर सकता है। सारण में पिछले महीने जहरीली शराब से सौ से ज्यादा लोग मर गए, सैकड़ों बच्चे अनाथ व महिलाएं विधवा हो गईं, मगर कथित समाधान यात्रा के दौरान अहंकारी मुख्यमन्त्री को उनसे आंख मिलाने तक की हिम्मत नहीं हुई। मुख्यमंत्री जी यह स्वाभिमान नहीं अहंकार व कायरता है। अगर सारण शराब कांड की आप ईमानदारी व सम्वेदना के साथ समीक्षा किए रहते, अपने भ्रष्ट तंत्र का नकेल कसे रहते, शराब माफियों को संरक्षण देना बंद किए रहते तो सीवान में भी मौत का सिलसिला जारी नहीं रहता।
————–/————

नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा आज जाएंगे सीवान

पटना, 23-01-2023

बिहार विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा मंगलवार को सीवान के लकड़ी नवीनगर जा कर जहरीली शराब के मृतकों के परिजनों व स्थानीय लोगों से मिलकर हालात का जायजा लेंगे। उन्होंने वहां जारी मौत के सिलसिले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

Join us on:

Leave a Comment