सांसद सुरेंद्र यादव की पहल से रौशन होगी वाणावर की वादियां,लगेंगे 5 हाई मास्ट लाइट!

SHARE:

पंकज कुमार जहानाबाद

जहानाबाद।सावन माह में बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम और वाणावर क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सांसद सुरेंद्र यादव की पहल पर वाणावर पर्यटन क्षेत्र में पांच स्थानों पर हाई मास्क लाइट लगाने का कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है। इससे श्रद्धालुओं को रात के समय बेहतर रोशनी मिलेगी, वहीं पर्यटन को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा। जानकारी के अनुसार लाल पहाड़ी, शांति कुटी, बावन सीढ़ी, हाथियों बोर तथा डैम के समीप स्थित विश्वकर्मा मंदिर के पास हाई मास्क लाइट स्थापित की जा रही है। इन स्थानों पर अंधेरा रहने के कारण श्रद्धालुओं और पर्यटकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। लाइट लगने के बाद पूरे क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी उपलब्ध होगी, जिससे आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम बनेगा। बताया गया कि जिलाधिकारी छिरिङ वाई. भूटिया के विशेष अनुरोध पर सांसद सुरेंद्र यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। सांसद के निर्देश के बाद संबंधित एजेंसियों द्वारा युद्धस्तर पर हाई मास्क लाइट लगाने का काम शुरू किया गया, ताकि सावन के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। स्थानीय लोगों का कहना है कि वाणावर क्षेत्र धार्मिक और प्राकृतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। यहां प्रतिवर्ष सावन सहित अन्य अवसरों पर हजारों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। लेकिन पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण शाम ढलते ही लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब हाई मास्क लाइट लगने से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और श्रद्धालु देर शाम तक भी आसानी से दर्शन एवं भ्रमण कर सकेंगे। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि वाणावर को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में भी यह महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। बेहतर प्रकाश व्यवस्था से क्षेत्र की सुंदरता भी निखरेगी और स्थानीय पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Join us on: