पंकज कुमार जहानाबाद।
अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग, बिहार सरकार सह प्रभारी मंत्री सह अध्यक्ष जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति डॉ० संतोष कुमार सुमन की अध्यक्षता में छठ महापर्व की विभिन्न तैयारियों से संबंधित महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर जिला अतिथि गृह सभाकक्ष में समीक्षात्मक बैठक का आयोजन एवं ठाकुरबाड़ी अवस्थित संगम घाट का निरीक्षण किया गया।
उक्त अवसर पर जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय, उप विकास आयुक्त परितोष कुमार, सिविल सर्जन, प्रभारी पदाधिकारी जिला गोपनीय शाखा सह जिला भू अर्जन पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी जिला आपदा प्रबंधन शाखा, प्रखंड विकास पदाधिकारी जहानाबाद, अंचल अधिकारी जहानाबाद, प्रखंड विकास पदाधिकारी मखदुमपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी काको एवं अन्य विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
समीक्षात्मक बैठक में सुरक्षा प्रबंधन हेतु महत्वपूर्ण घाटों पर गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति, बैरिकेडिंग की व्यवस्था की, विद्युत की व्यवस्था करने का निदेश दिया गया। घाटों पर महिलाओं के वस्त्र बदलने हेतु व्यवस्था करने का निदेश दिया गया। सभी छठ घाटों पर चिकित्सा व्यवस्था संधारण हेतु एंबुलेंस, सक्षम चिकित्सा दल व आवश्यक जीवन रक्षक औषधि उपलब्ध करने का निदेश दिया गया। कार्यपालक अभियंता, पी.एच.ई.डी. को घाटों पर आवश्यकता अनुसार स्वच्छ जल एवं अस्थायी शौचालय की व्यवस्था करने का निदेश दिया गया। घाटों पर पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम को सुदृढ़ करने एवं समय-समय पर आवश्यक घोषणाएं करने का निर्देश दिया गया।
उक्त निरीक्षण में माननीय मंत्री द्वारा गौरक्षणी/ ठाकुरबाड़ी के संगम घाट में बनने वाले नियंत्रण कक्ष का अवलोकन करने के उपरांत घाट की साफ-सफाई, विधि व्यवस्था, बैरिकेडिंग, महिलाओं के लिए कपड़ा बदलने के लिए अस्थाई रूम, रौशनी की व्यवस्था, रंग रोगन, शौचालय की व्यवस्था, पेयजल की व्यवस्था, कचरा प्रबंधन इत्यादि को सुदृढ़ बनाने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निदेश दिया गया। इस अवसर पर माननीय मंत्री द्वारा संगम घाट की दीवारों पर बनी मधुबनी पेंटिंग एवं साफ-सफाई पर प्रसन्नता व्यक्त की गई। साथ ही घाट के दक्षिणी भाग की साफ सफाई करने का निर्देश दिया गया। इस अवसर पर कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद द्वारा बताया गया कि संगम घाट को आदर्श घाट के रूप में स्थापित करने हेतु बुजुर्ग दिव्यांगजन एवं लैक्टेटिंग मदर्स के लिए व्यवस्था, जूता चप्पल रखने की व्यवस्था, वॉच टावर, सी सी टीवी, वॉल टीवी एवं ड्रोन की व्यवस्था हेतु आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।




