पंकज कुमार जहानाबाद।
बिहार राज्य पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम के द्वारा एस. एस. कॉलेज , जहानाबाद में संचालित प्राक् परीक्षा प्रशिक्षण केन्द्र पर गत अप्रैल माह से चलाये जा रहे प्रथम बैच का प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरे छह महीने तक चला, जिसमें पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग के छात्र- छात्राओं को विशेषज्ञ शिक्षकों के द्वारा अनेक प्रतियोगिता परीक्षाओं की गंभीरतापूर्वक तैयारी करवाई गई। निःशुल्क चलाये जा रहे इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दरम्यान बिहार राज्य पिछड़ा वर्ग एवं वित्त विकास निगम के प्रबंध निदेशक डॉ० बीरेंद्र प्रसाद यादव (आई.ए.एस.) ने भी निरीक्षण किया। उनके साथ निरीक्षण दल में जहानाबाद के जिला कल्याण पदाधिकारी सुनील कुमार शुक्ला एवं निगम के एक अन्य अधिकारी विनीत भारद्वाज भी शामिल रहे। निरीक्षण के क्रम में डॉ० यादव ने जहां विद्यार्थियों को मिल रहे प्रशिक्षण का सुक्ष्म रूप से जायजा लिया वहीं उनके द्वारा इस संबंध में ज़रुरी दिशा-निर्देश भी दिया गया। एस .एस. कॉलेज के प्राचार्य सह प्राक् परीक्षा प्रशिक्षण केन्द्र के निदेशक डॉ० सुधीर कुमार मिश्र ने भरोसा दिलाया कि इन महत्वपूर्ण दिशानिर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी जानकारी दी कि नये बैच में विद्यार्थियों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है जो कि अगामी 17 अक्टूबर तक चलेगी। उसके बाद जल्द ही उपयुक्त तिथि घोषित कर द्वितीय बैच का प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यार्थियों के व्यापक हित मे विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं की विशिष्ट प्रकृति को देखते हुए अलग अलग बैच में संबंधित परीक्षा की तैयारी कराई जाएगी। इस क्रम में उन्होंने ज़ोर देकर बताया कि सिविल सर्विस परीक्षा की तैयारी के लिए जहां अलग क्लास की व्यवस्था होगी वहीं रेलवे ,एसएससी, बैंकिंग जैसी अन्य परीक्षाओं के लिए अलग। उन्होंने पिछड़े एवं अति पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों को अधिक से अधिक संख्या में प्राक् परीक्षा प्रशिक्षण केन्द्र से जुड़ने और इस स्वर्णिम अवसर का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रशिक्षण केन्द्र विद्यार्थियों के रोजगारपरक लक्ष्यों को हासिल करने में निश्चित रूप से सफल और सहायक सिद्ध होगा।




