अनंत सिंह के गढ़ में ताल ठोकेगी मुकेश सहनी की पार्टी VIP

SHARE:

रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-

अनंत सिंह की पत्नी भी मोकामा का दंगल लड़ेंगी, तेजस्वी से कर चुकी हैं बात
दिलचस्प होगा मोकामा विधानसभा का उप चुनाव

पटना : बिहार के मोकामा के बाहुबली राजद विधायक अनंत सिंह को एके-47 समेत अन्य हथियार बरामद होने के बाद 10 साल की सजा हो चुकी है। साथ ही उनकी विधायिकी भी रद्द हो गई है। ऐसे में मोकामा में उप चुनाव होना तय है। इस बीच विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने बड़ा एलान किया है। रविवार को मोकामा विधानसभा के पार्टी पदाधिकारियों की बैठक के बाद मुकेश सहनी ने कहा कि VIP मोकामा क्षेत्र से होने वाले उप चुनाव के दंगल में ताल ठोकेगी। बता दें कि अनंत सिंह की पत्नी नीलम सिंह भी यहां के चुनाव मैदान में उतरने का एलान कर चुकी है। बस, अब इंतजार है एनडीए यहां किसे प्रत्याशी बनाएगा। मुकेश सहनी आज पटना के 6 स्ट्रैंड रोड आवास पर मोकामा विधानसभा उप चुनाव को लेकर पार्टी अधिकारियों के साथ गहन विचार विमर्श कर रहे थे। इसी बैठक में ही मोकामा विधानसभा से चुनाव लड़ने का निर्णय लिया गया। मुकेश सहनी ने बैठक के बाद कहा कि पार्टी ने मोकामा विधानसभा में चुनाव के लिए तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि बैठक में उपचुनाव की तैयारियां, पार्टी की विचारधारा, नीतियों व सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक सांगठनिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई है। मुकेश सहनी ने कहा कि बोचहा उपचुनाव में भी हमारी पार्टी को कम आंका जा रहा था, लेकिन हमारी पार्टी 18 प्रतिशत से ज्यादा मत लेकर लाई। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि चुनाव बाहुबली या कोई व्यक्ति नहीं जीतता बल्कि जनता जिसे समर्थन देती है, वह पार्टी विजयी होती है। बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बालगोविंद बिन्द, अर्जुन सहनी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। बता दें कि अनंत सिंह की पत्नी नीलम सिंह पहले ही कह चुकी हैं कि वह मोकामा से चुनाव लड़ेंगी। पिछले दिनों उन्होंने कहा था कि चुनाव लड़ने को लेकर तेजस्वी यादव से बात भी हो गई है।फिलहाल जो भी हो, लेकिन अनंत सिंह के गढ़ में मुकाबला दिलचस्प होगा।

वैसे मोकामा विधानसभा क्षेत्र से लोकप्रिय उम्मीदवार के रूप में नलिनी रंजन उर्फ ललन सिंह काफी लोकप्रियता बटोर रहे हैं एनडीए से टिकट की प्रत्याशा में एक सबल दावेदार के रूप में इनकी चर्चा ही काफी है परंतु ऊंट किस करवट बैठेगा यह कहना मुश्किल है।

Join us on:

Leave a Comment