दिनेश गुणवर्धने श्रीलंका के नए पीएम नियुक्त!

SHARE:

रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-

राष्ट्रपति विक्रमसिंघे ने मंत्रिमंडल को शपथ दिलाई

कोलंबो : कई मंत्रालय का पद भार संभाल चुके वरिष्ठ नेता दिनेश गुणवर्धने को शुक्रवार को श्रीलंका का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया। श्रीलंका के नए राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने शुक्रवार को अपने मंत्रिमंडल को शपथ दिलाई। गुणवर्धने को अप्रैल में पूर्व राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे के कार्यकाल के दौरान गृह मंत्री बनाया गया था। वह विदेश मंत्री और शिक्षा मंत्री के तौर पर भी रह चुके हैं। मालूम हो कि विक्रमसिंघे के राष्ट्रपति बनने के बाद प्रधानमंत्री पद खाली हो गया था। 6 बार प्रधानमंत्री रह चुके विक्रमसिंघे ने गुरुवार (21 जुलाई) को देश के आठवें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ग्रहण की थी। इससे पहले 20 जुलाई को हुए राष्ट्रपति चुनाव में 225 सदस्यीय संसद में विक्रमसिंघे को 134 वोट मिले। विक्रमसिंघे अब गोटबाया राजपक्षे के बाकी बचे कार्यकाल तक राष्ट्रपति पद पर बने रहेंगे, जो नवंबर 2024 में खत्म होगा। बता दें पिछले दिनों हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास में घुस गए थे, जिसके बाद राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे देश छोड़कर फरार हो गए थे। और अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद पीएम रानिल विक्रमसिंघे को कार्यवाहक राष्ट्रपति बनाया गया था। श्रीलंका भारी आर्थिक संकट से गुजर रहा है। देश में ईंधन सहित तमान जरूरी चीजों की कमी हो गई है। देश को 2.2 करोड़ की आबादी की मूल आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए अगले महीनों में करीब पांच अरब डॉलर की आवश्यकता है।

Join us on:

Leave a Comment