धीरज शर्मा की रिपोर्ट :-
टीएमबीयू में छात्र राजद द्वारा भैंस जुलूस निकालकर उसके आगे बीन बजाकर” विरोध प्रदर्शन किया गया!
टीएमबीयू से 08 माह से लापता प्रभारी कुलपति प्रो. हनुमान प्रसाद पाण्डेय की बर्खास्तगी समेत स्थाई कुलपति की नियुक्ति की मांग को लेकर टीएमबीयू छात्र राजद द्वारा विश्वविद्यालय अध्यक्ष दिलीप कुमार के नेतृत्व में विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन में 15 जुलाई से शुरू की गई अनिश्चितकालीन तालाबन्दी सह धरना कार्यक्रम आज लगातार सातवें दिन भी जारी रहा | लगातार सात दिन से चल रहे तालाबन्दी के बावजूद कुम्भकर्णी निन्द्रा में सो रहे राजभवन, राज्य सरकार तथा प्रभारी कुलपति की निन्द्रा तोड़ने के उद्देश्य से आज जुगलबढ चौक से विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन तक “भैंस जुलूस निकालकर उसके आगे बीन बजाकर” विरोध प्रदर्शन किया गया ।
इस मौके पर मीडिया को सम्बोधित करते हुए छात्र राजद के विश्वविद्यालय अध्यक्ष दिलीप कुमार ने कहा कि टीएमबीयू में हाहाकार मचा है । छात्र, शिक्षक तथा कर्मचारी समेत अभिभावक परेशान हैं और यहाँ के प्रभारी कुलपति प्रो. हनुमान पाण्डेय बीमारी का बहाना बनाकर मुजफ्फरपुर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का लुत्फ उठा रहे हैं । ऐसे कर्तव्यहीन व्यक्ति को एक मिनट भी टीएमबीयू के कुलपति पद पर बने रहने का कोई हक नहीं है । कुलाधिपति अविलम्ब उन्हें बर्खास्त करते हुए यहाँ स्थाई ईमानदार शिक्षाविद कुलपति की नियुक्ति करे । अन्यथा, हमारा यह आन्दोलन चलता रहेगा ।
आज के तालाबन्दी सह धरना कार्यक्रम में शिरकत करते हुए राजद जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने कहा कि लगातार 08 माह से विश्वविद्यालय से कुलपति के गायब रहने से परेशान छात्रों तथा कर्मचारियों द्वारा लगातार 07 दिन से आन्दोलनरत रहने के बावजूद राज्य सरकार तथा राजभवन द्वारा अब तक किसी प्रकार का संज्ञान नहीं लिया जाना यह प्रदर्शित करता है कि राज्य सरकार तथा राजभवन द्वारा
एक सुनियोजित साजिश के तहत राज्य के विश्वविद्यालयों को बर्बाद करने का कार्य किया जा रहा है । राज्य सरकार तथा राजभवन मनमाने तरीके से गैर जिम्मेदाराना व्यक्ति को कुलपति के पद पर नियुक्त करते हैं जिन्हें शिक्षा व्यवस्था से तथा विश्वविद्यालय संबंधी कार्य से कोई लेना देना नहीं होता है | कुलपति नियुक्ति में खुलेआम पैसे वसूली का खेल होता है |
आज के कार्यक्रम में शिरकत करते हुए युवा राजद के जिलाध्यक्ष मो. बसारुल हक ने छात्रों के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि राजभवन अविलम्ब विश्वविद्यालय में स्थाई कुलपति नियुक्त करे । अन्यथा छात्र राजद द्वारा चलाए जा रहे आन्दोलन के समर्थन में युवा राजद सड़क पर उतरेगा ।
राजद बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के महानगर अध्यक्ष सह भागलपुर व्यवहार न्यायालय के वरीय अधिवक्ता रत्नाकर रत्न तथा प्रसिद्ध समाजसेवी श्री विजय यादव ने कहा कि विश्वविद्यालय की वर्तमान स्थिति अत्यंत चिंताजनक है । तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय भागलपुर अपने स्थापना काल के बाद आज सबसे बुरे दौर से गुजर रहा है । छात्र तथा कर्मचारी आन्दोलनरत हैं । शिक्षक संघ आन्दोलन की चेतावनी दे चुके हैं । इसके बावजूद कुलाधिपति के कान पर जूँ तक नहीं रेंग रहा है । विश्वविद्यालय के प्रति यदि राज्य सरकार तथा राजभवन इसी प्रकार उदासीन बना रहा तो छात्रों का यह आन्दोलन जन आन्दोलन का रूप लेगा ।
आज के कार्यक्रम में शिरकत करते हुए छात्र संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष गुलशन चौधरी ने भी आन्दोलन को अपना नैतिक समर्थन दिया ।
छात्र राजद के प्रदेश महासचिव सह टीएमबीयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष शांतनु राउत ने कहा कि स्थाई कुलपति की नियुक्ति जब तक नहीं होती है तब तक हम अपने अधिकार के लिए लड़ते रहेंगे, साथ ही विश्वविद्यालय के लचर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुलपति के अनुपस्थिति में यहां के अधिकारी मनमाने तरीके से विश्वविद्यालय को संचालित कर रहे हैं |
आज के पूरे कार्यक्रम के दौरान छात्र राजद के जिलाध्यक्ष राजा राधिका रमन, प्रधान महासचिव चंदन यादव, पूर्व विश्वविद्यालय उपाध्यक्ष अमरदीप आनंद, अभिनंदन यादव, युवा राजद के जिला प्रवक्ता पूर्व छात्र संघ प्रतिनिधि कृष्ण बिहारी गर्ग, युवा राजद के जिला सचिव सुजीत यादव, छात्र राजद प्रवक्ता आशुतोष यादव, पूर्व छात्र संघ काउंसिल सदस्य रोहित कुमार, गुलशन कुमार, रमन कुमार, नीतीश कुमार पूर्व छात्र संघ महासचिव अभिमन्यु कुमार सिंह छात्र राजद के वरीय सदस्य दयानंद यादव ,राकेश यादव, प्रभाकर कुमार, गुंजन कुमार, बृजेश कुमार, दीपक कुमार, श्रीराम ,बबलू ,दीपक, राकेश, प्रभाकर ,मुकुंद वत्स ,गोविंद, संजीव यादव, सुभाष,अमरेश , पवन कुमार त्रिभुवन,रिंकू विपुल यादव इत्यादि उपस्थित थे|




