रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-
पटना : बेतहाशा बढ़ती महंगाई और GST के विरोध में बिहार प्रदेश राजद कार्यालय के बाहर एक नया पोस्टर लगाया गया है। पोस्टर के माध्यम से महंगाई रोकने और चक्का जम करने की बात कही है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के पटना आते ही राजद ने महंगाई के सवाल पर पोस्टर वार शुरू कर दिया है। पटना में नया पोस्टर लगाया है और उस पर लिखा है-सैंया हमार कमाय जात हैं, महंगाई डायन खाए जात है। इस पोस्टर में किसी महिला नेत्री का फोटो तो नहीं हां, एक महिला है जिसकी हड्डियां निकली हुई हैं और उसके खाने की प्लेट टूटी है। बगल में चम्मच रखी है। गरीबी की मार से वह कराह रही है। पोस्टर पर महासचिव भाई अरुण कुमार, युवा राजद के प्रदेश सचिव जेम्स कुमार यादव समेत तीन अन्य नेताओं के फोटो और नाम हैं। पोस्टर में प्रधानमंत्री मोदी का भी जिक्र है। राजद ने इस पोस्टर में बताया है कि इस सरकार में जरूरी चीजों की कीमत में कैसे आग लग गई है। पोस्टर के जरिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को नसीहत भी दी गई है कि जब विपक्ष में होते हैं तो महंगाई पर बड़ा सवाल उठाते हैं और जब सत्ता में आते हैं तो उसका जिम्मेदार विपक्ष को बताते हैं। पोस्टर में कई कार्टून के जरिए बताया गया है कि जनता की कमर महंगाई कैसे तोड़ रही है। सामान का बाजार भाव बताया गया है और नरेन्द्र मोदी इसमें कह रहे हैं-डोंट वरी, सेल पकौड़ा। नीतीश कुमार युवाओं को दौड़ाते दिख रहे हैं और कह रहे हैं कि- अपने आपको विकास के हवाले कर दो। वहीं, पोस्टर में जनता को महंगाई से लड़ने के लिए प्रधानमंत्री बाहुबली अवार्ड देते हुए भी दिख रहे हैं। युवा राजद के महासचिव जेम्स यादव कहते हैं कि यह आम जन से जुड़ा ऐसा पोस्टर है जिसके जवाब में सत्ता पक्ष की ओर से कोई पोस्टर नहीं है। स्पष्ट है कि राजद महंगाई और बेरोजगारी के सवाल पर पोस्टर के बाद आंदोलन की रणनीति बनाने में जुटी है।




