Report :- Anmol Kumar
राज्यसभा से पत्ता कटने के बाद नैतिकता के तहत पद छोड़ देना चाहिए : कुशवाहा
आरसीपी का सियासी भविष्य खतरे में, कई करीबी भी किए गए पार्टी से बाहर
: राज्यसभा का टिकट कटने के बाद केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह का राजनीतिक भविष्य भी अधर में लटकता दिख रहा है।अजय आलोक समेत उनके के कई करीबियों को पार्टी से निष्कासित करने के बाद अब आरसीपी सिंह से भी केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफे की मांग की गई है। जदयू के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि नैतिकता के आधार पर आरसीपी सिंह को केंद्रीय मंत्री का पद अब छोड़ देना चाहिए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले दिनों आरसीपी सिंह का राज्यसभा टिकट काटने का बड़ा फैसला लिया था। राज्यसभा सदस्य के रूप में आरसीपी का कार्यकाल 7 जुलाई को समाप्त होने जा रहा है। आरसीपी सिंह ने अपने सियासी भविष्य को लेकर अभी तक पत्ते नहीं खोले हैं लेकिन दूसरी ओर जदयू ने उनपर इस्तीफे का दबाव बढ़ा दिया है।
जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि राज्यसभा सदस्य के रूप में आरसीपी का कार्यकाल 7 जुलाई को समाप्त हो जाएगा। इसलिए उन्हें इसके बाद केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। आरसीपी सिंह की भाजपा से नजदीकी के बीच कुशवाहा की ओर से की गई यह मांग काफी अहम मानी जा रही है। इसके जरिए जदयू ने यह संकेत देने की कोशिश की है कि आरसीपी सिंह को अब केंद्रीय मंत्री बनाए रखना पार्टी को मंजूर नहीं होगा।




