बसन्त पंचमी के पावन अवसर पर फौजदारी दरबार बासुकीनाथ में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

SHARE:

शोभाराम पंडा की रिपोर्ट

चाक चौबंद व्यवस्था के बीच कतार में लगकर श्रद्धालु कर रहे है बाबा मंदिर के गर्भगृह में जलार्पण

बासुकीनाथ (दुमका)

माघ शुक्ल पक्ष पंचमी (बसन्त पंचमी) के पावन अवसर पर बाबा बासुकीनाथ मन्दिर में जलार्पण को लेकर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है| बिहार के विभिन्न जिलों एवं पश्चिम बंगाल के कोलकाता एवं राजस्थान से आये श्रद्धालुओं से शिवनगरी बासुकीनाथ पट सी गई है । बिहार के मिथिलांचल से आये श्रद्धा – भक्ति से लबरेज भोले के दीवाने श्रद्धालुओं की भीड़ सबसे अधिक है । पूजा अर्चना के बाद मिथिलावासियों का उत्साह एवं उल्लास देखते ही बनता है । विद्यापति के भक्तिमय गीतों को मधुर सुरों से गाते नाचते इन मिथिलावासियों की बात ही अलग है । मन्दिर परिसर में कई टोली में बैठ के भजन कीर्तन करते और हर भोला, हर भोलेनाथ के नारों से मन्दिर परिसर गुंज उठा है । भजनों के बाद ये मिथिलावासियों को लड्डू भोग लगाते एवं प्रसाद ग्रहण करते देखा जा सकता है । ज्ञातव्य हो कि बसन्त पंचमी से ही बसन्त ऋतु का आगाज़ होता है । मिथिलांचल से आये सैकड़ों श्रद्धालुओं ने इस उपलक्ष्य में बासुकीनाथ मन्दिर परिसर में जमकर फगुआ खेला । एक दुसरे को रंग गुलाल लगाकर होली भी मनाया । बसन्त पंचमी सरस्वती पूजा के दिन उमड़ने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को सुगम तरीके से जलार्पण कराने को लेकर स्थानीय प्रशासन ने मुकम्मल व्यवस्था किया है । मन्दिर प्रभारी आशुतोष ओझा, जरमुंडी थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक दयानन्द साह लगातार बासुकीनाथ मन्दिर का जायजा लेते रहे। जिससे बासुकीनाथ आनेवाले देवतुल्य श्रद्धालुओं को जलार्पण में कोई परेशानी नहीं हो । सभी श्रद्धालुओं को मन्दिर प्रबंधन द्वारा पुरब की तरफ स्थित संस्कार मण्डप होकर हाथीद्वार से कतार में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मन्दिर गर्भगृह में प्रवेश कराया जा रहा है । सभी श्रद्धालुओं को पूजा अर्चना के बाद सिंह द्वार से बाहर निकाला जा रहा है । सभी द्वारों एवं बाबा तथा पार्वती मन्दिर में दर्जनों पुलिसकर्मियों को व्यवस्था के लिये लगाया गया है । आज रात्रि में बाबा बासुकीनाथ मन्दिर में बाबा का तिलकोत्सव सम्पन्न होगा ।

Join us on:

Leave a Comment