ऋषिकेश की रिपोर्ट
नालंदा जहरीली शराब कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गौरतलब है कि बिहारशरीफ के सोहसराय थाना क्षेत्र के छोटी पहाड़ी इलाके में बीते 15 जनवरी को हुए जहरीली शराब कांड में 13 लोगों की मौत हुई थी। इस मामले में पुलिस अधीक्षक अशोक मिश्रा के निर्देश पर SIT टीम गठित कर मुख्य अभियुक्त सुनिता मैडम उसके पुत्र सूरज सहित 7 लोगों को गिरफ्तार कर बड़ी सफ़लता हासिल की है। इस घटना में कुल 6 मामले दर्ज किए गए थे।
इन सभी मामलों को लेकर पुलिस लगातार जिले एवं उसके बाहर पटना और झारखंड में छापेमारी कर सफलता हासिल की है। इन गिरफ्तार अभियुक्तों में सुनिता देवी उर्फ लमकी उर्फ मैडम, मीना देवी उर्फ बुढ़िया, संटू कुमार, सूरज कुमार, डिंपल कुमार, सौरभ कुमार, संतोष चौधरी शामिल हैं।
जहरीली शराब कांड का सबसे चर्चित नाम सुनीता मैडम है। पुलिस भी उसके पीछे जी-जान से पड़ी थी। वह बार-बार पुलिस को चकमा दे रही थी। वहां के लोगों की मानें तो 15 तारीख को मौतों का सिलसिला शुरू होते ही उसे फंसने की आशंका हो गयी थी। उसी दिन वह किसी वकील से मिलने कोर्ट पहुंची थी, उसके बाद वह अचानक गायब हो गयी। इस दौरान एक बार पुलिस फतुहा में उसे गिरफ्तार करने के करीब पहुंची थी लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी थी।
बता दें कि न्यायालय के आदेशानुसार नालंदा जहरीली शराब कांड के फरार सात अभियुक्तों के घर पर पुलिस ने कुर्की का इश्तेहार चिपकाया था। पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम उसकी गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी अभियान चला रही थी।




