रिपोर्ट – रवि शंकर शर्मा/गोविंद कुमार!
पश्चिम बंगाल के हावड़ा सदर उपमंडल अंतर्गत संकराइल थाना क्षेत्र में हुई करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों की लूट का मामला अब बिहार के पटना जिले तक जा पहुंचा है। इस सनसनीखेज मामले में बिहार एसटीएफ, पश्चिम बंगाल पुलिस और स्थानीय अथमलगोला थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई ने एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बख्तियारपुर के एक निजी होटल में दबिश देकर कुल सात कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरिंदम मजूमदार, नीरज कुमार कुशवाहा, अजीत पासवान (अथमलगोला), आशुतोष मिश्रा, नुरुल हक, भास्कर सिंह और अभिषेक पांडे के रूप में हुई है।
बर्थडे पार्टी की आड़ में रची जा रही थी साजिश
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दिवाली से ठीक पहले सभी आरोपी बिहार पहुंचे थे। अपराधियों ने अपनी गतिविधियों को छिपाने के लिए पटना-मोकामा फोरलेन के समीप बख्तियारपुर इलाके के एक निजी होटल में कमरे बुक कराए थे। इसी होटल में आरोपियों द्वारा एक जन्मदिन की पार्टी भी आयोजित की गई थी, जिसमें अजीत पासवान के साथ गिरोह के अन्य सदस्य भी शामिल हुए थे।
इधर, बिहार एसटीएफ को इस सिंडिकेट की गतिविधियों की पुख्ता भनक पहले से ही थी। दिवाली की रात एसटीएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस और पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से होटल में अचानक छापेमारी की और पार्टी मना रहे सातों आरोपियों को धर दबोचा।उसके बाद सभी को बख्तियारपूर थाना में रख कर कोलकाता पुलिस के एसआई इंद्रजीत दास के नेतृत्व में कस्टडी में लेकर कड़ाई से पूछताछ शुरू की गई l
पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर अथमलगोला थाना क्षेत्र के दक्षिणीचक गांव स्थित अजीत पासवान (पिता: सरीफ पासवान) के पैतृक आवास पर थानाध्यक्ष राहुल कुमार नवनीत के नेतृत्व में छापेमारी की गई।घर की तलाशी के दौरान पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगीl जहां से पुलिस ने लूटा गया स्वर्णाभूषण 429 ग्राम (अनुमानित बाजार मूल्य: ₹61 लाख),चांदी के आभूषण: 4 किलोग्राम 264 ग्राम (अनुमानित बाजार मूल्य: ₹9 लाख) , 1 देशी पिस्तौल (अवैध हथियार) ,1 लेपटोप ,एक मोबाइल और एक तराजू बरामद किया l
पुलिस अनुसंधान में यह बात सामने आई है कि कोलकाता के एक जेवर दुकान से सोने-चांदी की लूट को अंजाम देने वाला पश्चिम बंगाल का एक शातिर अपराधी अथमलगोला के अजीत पासवान के संपर्क में आया था। इन लूटे गए आभूषणों को बिहार के स्थानीय बाजारों में खपाने और सुरक्षित ठिकानों पर छिपाने की पूरी योजना बनाई गई थी।
कोलकाता पुलिस के अनुसार, संकराइल थाना कांड संख्या- 962/26 (दिनांक: 5/11/2026, धारा: 309(6), 311 BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया था। दर्ज प्राथमिकी में पिस्तौल का भय दिखाकर करीब 70 लाख रुपये के आभूषणों की लूट का जिक्र है।बाढ़ न्यायालय के आदेशानुसार, आगे की पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए कोलकाता पुलिस सभी सातों आरोपियों, जप्त आभूषणों और पिस्तौल को अपने साथ रिमांड पर लेकर बंगाल रवाना हो गई है। मामले में अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी है।




