रिपोर्ट – रवि शंकर /गोविंद कुमार!
बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला ईंगलिश निवासी सत्येन्द्र कुमार सिंह और उनका परिवार दो महीने से अपने बेटे कुंदन कुमार को ढूंढ रहा हैं। परिजनों ने कुंदन की हत्या कर शव गंगा में बहा देने की आशंका जताई है, जल्द कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने एसएसपी, डीजीपी समेत तमाम वरीय अधिकारियों से मुलाकात की है और मामले का जल्द उद्भेदन करने की मांग की है।
मामला 9 सितंबर 2026 का है जब पटना के बहादुरपुर थाना अंतर्गत न्यू कुंज कॉलोनी में रह रहे कुंदन कुमार रात के लगभग दस बजे के बाद लापता हो गए, परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। तभी उसके एक मित्र अंगद कुमार उर्फ सूर्या सोलंकी के साथ रहने की बात सामने आई, अंगद बाढ़ के बेल्लौर गांव का रहने वाला बताया जाता है, घटना के समय वह भी पटना के न्यू कुंज काॅलोनी में ही रह रहा था। परिजनों ने उस युवक से बातचीत की और उसके कथनानुसार बहादुरपुर थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की लेकिन पुलिस के हाथ खाली रहे परिजनों ने खुद भी पड़ताल की और लापता कुंदन कुमार के मरीन ड्राइव जाने का सीसीटीवी मिला। परिजनों को उसके दोस्त सूर्या सोलंकी पर संदेह हुआ कि उसी ने अपहरण कर उसकी हत्या कर दी है, जिसको लेकर लिखित आवेदन पुलिस को दी गई। तब से आरोपी सूर्या सोलंकी फरार है। परिजनों को संदेह है कि सूर्या सोलंकी अपने अन्य दोस्तो के साथ मिलकर उसकी हत्या की घटना को अंजाम दिया है। परिजनों का कहना है कि उसका दोस्त बार बार झूठी बाते बता रहा था और उनको गुमराह कर रहा था, मरीन ड्राइव पर साथ जाने के बाद उसके पैर में जख्म था, जिससे अंदेशा है कि उसके साथ कुंदन की झड़प हुई है।
परिजनों का कहना है कि दो महीने बीत जाने के बाद भी अबतक पुलिस ने कोई कार्रवाई नही की है, वह इन्ही के दिए सबूत और इनपुट तक सिमित है।
परिजनों ने पुलिस से जल्द फरार आरोपी सूर्या सोलंकी की गिरफ्तारी और मामले का उद्भेदन करने की मांग की है।



