एमएलसी चुनाव को लेकर दरभंगा में जनसभा आयोजित,निशांत समेत दिग्गज नेताओं ने की वोट की अपील!

SHARE:

रिपोर्ट- लक्ष्मण कुमार!

दरभंगा में बिहार विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर एनडीए की सभा आयोजित की गई। इसमें बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पहली बार मिथिला पहुंचे। सभा में जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, बिहार सरकार के मंत्री मदन सहनी और रामचंद्र शाह समेत कई विधायक और एनडीए के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। चार जिलों से पहुंचे बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और मतदाताओं ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

सभा के दौरान दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी सर्वेश कुमार और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी घनश्याम राय के समर्थन में मतदाताओं से वोट की अपील की गई।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने दोनों प्रत्याशियों की जीत का दावा करते हुए कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार के कार्यकाल में बिहार में विकास के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी काफी काम हुआ है। कई विश्वविद्यालय खोले गए और शिक्षा के स्तर में सुधार हुआ। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार एनडीए के प्रत्याशियों को समर्थन मिलेगा।

वहीं, जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि निशांत कुमार पहली बार मिथिला की धरती पर आए हैं। उन्होंने बताया कि मिथिला आने से पहले निशांत कुमार ने अपने पिता नीतीश कुमार से आशीर्वाद लिया था। संजय झा ने मिथिला को शिक्षा और ज्ञान की भूमि बताते हुए कहा कि यहां हमेशा से शिक्षा को महत्व दिया गया है। उन्होंने रोजगार के अवसर बढ़ाने और पलायन रोकने को सरकार की आगामी प्राथमिकताओं में शामिल बताया। उनका कहना था कि आने वाले पांच वर्षों में रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में काम किया जाएगा, ताकि नौकरी के लिए युवाओं को बाहर जाने की मजबूरी कम हो।

वहीं, बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी दोनों एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में अपील की। उन्होंने विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ नेताओं को शिक्षा के मुद्दे से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने अपने संबोधन में प्रशांत किशोर और तेजस्वी यादव पर भी कटाक्ष किया।

निशांत कुमार के पहली बार मिथिला पहुंचने को लेकर सभा में कार्यकर्ताओं के बीच खासा उत्साह देखने को मिला। अब इस चुनाव में एनडीए प्रत्याशियों को कितना समर्थन मिलता है, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।
बाइट
1, निशांत कुमार,मंत्री बिहार सरकार
2,संजय झा,जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष
3,संजय सरावगी, बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

Join us on: