रिपोर्ट – पंकज कुमार!
अरवल थाना क्षेत्र में मंदिर से मां काली की प्रतिमा के श्रृंगार आभूषण चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर चोरी किए गए आभूषण भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को मंदिर में पूजा करने पहुंचे ग्रामीणों ने मुख्य द्वार का ताला टूटा पाया। मंदिर के अंदर मां काली की प्रतिमा से श्रृंगार के आभूषण गायब थे। मामले में अरवल थाना कांड संख्या 351/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई की। जांच के दौरान एक प्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपित ने चोरी में शामिल अन्य लोगों तथा चोरी के आभूषणों को स्वर्णकार सोनू कुमार उर्फ प्रवीण कुमार के पास बेचने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने स्वर्णकार के पास से चोरी गए आभूषण बरामद करते हुए उसे भी गिरफ्तार कर लिया। मामले में एक अन्य आरोपित को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों में दीपक कुमार उर्फ दीपू, निवासी मल्ही पट्टी, अरवल; सोनू कुमार उर्फ प्रवीण कुमार, निवासी अरवल सिपाह तथा अयाज विनजैद उर्फ राहुल खान, निवासी इमामगंज, थाना इमामगंज, पटना शामिल हैं। बरामदगी में सोने जैसा दिखने वाला 1.16 ग्राम का एक टीका, 0.26 ग्राम की पतली तार वाली नथिया तथा 5.04 ग्राम का सोने जैसा एक ठोस टुकड़ा शामिल है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।




