रिपोर्ट – प्रमोद/सारण
सारण के मशरक से इस वक्त की बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आ रही है। दवा लेने निकले दो दोस्तों की बाइक को तेज रफ्तार पिकअप ने ऐसी टक्कर मारी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। हादसा एनएच-227ए राम-जानकी पथ पर सियरभुक्का गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि इसुआपुर थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी निराला उपाध्याय के 35 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार उपाध्याय और राजेंद्र राय के 28 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार बाइक से बनसोही में होम्योपैथी की दवा लेने जा रहे थे। इसी दौरान सियरभुक्का गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दीपक कुमार उपाध्याय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार चंदन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही मशरक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल चंदन कुमार को इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर किया गया। सबसे दर्दनाक बात यह है कि दीपक कुमार दो भाइयों में छोटे थे और जल्द ही उनकी शादी होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन खुशियों से पहले ही सड़क हादसे ने पूरे परिवार को मातम में डुबो दिया। दीपक की मौत की खबर मिलते ही मां मीरा देवी और परिजनों में कोहराम मच गया। जिस घर में जल्द शहनाई बजने वाली थी, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा है।
बाइट :- घायल चंदन कुमार




